गंगोलीहाट (पिथौरागढ़)। शहीद पवन सिंह सुगड़ा महाविद्यालय भवन सड़क सुविधा के बिना वीरान पड़ा है। विद्यार्थियों और क्षेत्र के लोगों ने कई बार सड़क बनाने की मांग उठाई लेकिन आज तक कोई सकारात्मक कदम नहीं उठाए गए।
कई आंदोलन के बाद 2001 में गंगोलीहाट महाविद्यालय की स्थापना हुई। शुरू में एक निजी भवन में महाविद्यालय संचालित हुआ। 2005 से जिला पंचायत के गेस्ट हाउस में महाविद्यालय की कक्षाएं संचालित हो रही हैं। महाविद्यालय प्रति वर्ष इसका करीब 40,000 रुपया किराया देता है।
4.95 करोड़ रुपये की लागत से सिमलकोट में विद्यालय भवन तैयार है। इसके लिए ग्रामीणों ने भूमि दान की थी। महाविद्यालय में 451 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। हिंदी, अंग्रेजी, अर्थशास्त्र, समाज शास्त्र, राजनीतिक विज्ञान, इतिहास, भूगोल विषयों से स्नातक करने के बाद छात्र-छात्राओं को स्नातकोत्तर के लिए अन्य जगहों पर जाना पड़ता है।
छात्र संघ, टीम एक कोशिश, व्यापारी कई बार सड़क बनाने के साथ ही बीकॉम, बीएससी और पीजी की कक्षाएं संचालित करने की मांग कर चुके हैं।
जानकारी के अनुसार 12.70 लाख रुपये से महाविद्यालय भवन में विद्युतीकरण का कार्य और करीब 14 लाख की लागत से पानी की व्यवस्था की गई है।
आश्वासन मिला लेकिन नहीं बनी सड़क
तीन माह पूर्व डीएम की ओर से लगाए गए शिविर में महाविद्यालय के लिए सड़क की मांग को लोगों ने प्रमुखता से उठाया था। विधायक और डीएम ने महाविद्यालय तक सड़क बनाने का आश्वासन दिया। उन्होंने जब तक सड़क नहीं बनती तब तक संपर्क मार्ग बनाने की बात कही जिससे कि महाविद्यालय अपने नए भवन से संचालित हो सके। बावजूद इसके अभी तक इस पर भी कोई कार्य नहीं हुआ है।
कोट:
महाविद्यालय के नवनिर्मित भवन में बिजली और पानी का कार्य पूरा हो गया है, लेकिन अभी तक सड़क नहीं बनी है। शिक्षा निदेशक को इस संबंध में पत्र भेजा है। उनके आदेशानुसार आगे की कार्यवाही की जाएगी। - प्राचार्य डॉ. मधुकेश गुप्ता प्राचार्य