पिथौरागढ़ में स्वीकृत स्पोर्ट्स कॉलेज का निर्माण कार्य तेज गति से चल रहा है। निर्माणाधीन कॉलेज में 400 मीटर के ट्रैक वाले स्टेडियम के समतलीकरण का कार्य अंतिम चरण में है। विधायक मयूख महर और जिला पंचायत अध्यक्ष प्रकाश जोशी ने निर्माणाधीन कॉलेज का निरीक्षण किया।
जिला मुख्यालय से सटे लेलू (वड्डा) में 1000 नाली भूमि पर स्पोर्ट्स कॉलेज का निर्माण किया जा रहा है। यहां पर चार स्टेडियमों का निर्माण होना है। बुधवार को विधायक महर एक बार फिर कॉलेज के निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी लेने लेलू पहुंचे। विधायक ने कहा कि स्पोर्ट्स कालेज की कक्षाएं अगले साल से यहीं संचालित हों, इसके पूरे प्रयास किए जा रहे हैं। निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए वह लगातार इसकी मानीटरिंग कर रहे हैं। कहा कि पिथौरागढ़ में स्पोर्ट्स कॉलेज खुलने से यहां के युवाओं को खेलों के प्रशिक्षण के लिए देहरादून अथवा अन्य स्थानों पर नहीं जाना पड़ेगा, साथ ही स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। इस दौरान युवक कांग्रेस के विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष ऋषेंद्र महर, गौरव महर, नरेंद्र सौन, अनिल इगराल, हीरा सिंह थरकोटी मौजूद थे।