फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हिमपात के बाद धूप खिली तो निखरा हिमालय का सौंदर्य

विज्ञापन
रविवार की सुबह धूप निकलने के बाद मुनस्यारी का नजारा। संवाद - फोटो : PITHORAGARH
विज्ञापन
पिथौरागढ़/मुनस्यारी। मुनस्यारी के आसपास और उच्च हिमालयी क्षेत्र में हिमपात के बाद रविवार को मौसम साफ रहा। चारों ओर बिछी बर्फ पर सुबह जब सूरज की किरणें पड़ीं तो हिमालय का सौंदर्य देखने लायक था। प्रकृति की इस खूबसूरती का पर्यटकों ने जमकर लुत्फ उठाया।
विज्ञापन

शनिवार को मुनस्यारी के कालामुनि, बलाती बैंड, खलियाटॉप तक हिमपात हुआ था। रविवार सुबह मौसम साफ रहा। मुनस्यारी के चारों ओर बर्फ से लकदक पहाड़ियों को देखकर आनंदित पर्यटकों ने जमकर लुत्फ उठाया। ईको पार्क मुनस्यारी में भी पर्यटकों ने आनंद लिया। दिनभर धूप निकलने से पर्यटकों को पंचाचूली सहित अन्य हिमालयी चोटियों के भी दीदार हुए। इस बर्फबारी के बाद पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों को पर्यटन कारोबार में कुछ सुधार आने की उम्मीद है। होटल एसोसिएशन के पूरन पांडेय ने बताया कि दिसंबर मध्य में बर्फबारी से आगे भी बर्फबारी होने की उम्मीद है। यदि दिसंबर आखिर और नए साल में बर्फबारी हुई तो अधिक से अधिक पर्यटक यहां आएंगे। इसके अलावा स्नो स्कीइंग सहित अन्य साहसिक खेलों के लिए भी पर्यटक यहां का रुख करेंगे। इससे पर्यटन व्यवसाय में सुधार होगा। रविवार को जिला मुख्यालय सहित अन्य स्थानों पर भी दिन भर धूप खिली रही। दिनभर धूप रहने से लोगों को कड़ाके की ठंड से कुछ राहत मिली।
पंचाचूली की तलहटी में लगी आग बुझी
मुनस्यारी। हिमपात से पंचाचूली की तलहटी सहित अन्य बुग्यालों में शिकारियों की लगाई गई आग बुझ गई है। हर साल उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी के बाद हिमालयी पशु पक्षी निचले इलाकों का रुख करते हैं। इसी समय शिकारी इन निरीह पशुओं को अपना शिकार बनाने के लिए जंगलों में आग लगा देते हैं। दो दिन पूर्व तक इस उच्च हिमालयी क्षेत्रों के जंगलों से धुआं उठ रहा था। शनिवार को बर्फबारी के बाद आग बुझ गई है।
विज्ञापन

खेतों से लेकर सड़कों तक पड़ने लगा पाला
पिथौरागढ़। मुनस्यारी और धारचूला की ऊंची चोटियों में हिमपात के बाद शनिवार की रात को ही आसमान साफ हो गया था। इसके बाद पाला गिरने से निचले इलाकों में भी कड़ाके की ठंड महसूस की गई। सुबह के समय खेतों से लेकर सड़कों तक पाले की सफेद चादर नजर आई। पाला गिरने से सड़कों पर वाहनों के फिसलने का खतरा भी बढ़ गया है।

रविवार को मुनस्यारी के खलियाटॉप में बर्फ में खेलते पर्यटक। संवाद- फोटो : PITHORAGARH

रविवार को मौसम साफ होने से इस तरह नजर आई पंचाचूली। संवाद- फोटो : PITHORAGARH

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें