डीडीहाट(पिथौरागढ़)। बेसिक शिक्षा के शिक्षकों ने टीईटी की बाध्यता समाप्त करने और पुरानी पेंशन बहाल करने की मांग तेज कर दी है। शिक्षकों ने तहसील कार्यालय में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। एसडीएम के माध्यम से प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेजा।
शिक्षकों ने ज्ञापन के माध्यम से आरटीई अधिनियम लागू होने से पूर्व नियुक्त शिक्षकों को टीईटी (शिक्षक पात्रता परीक्षा) से मुक्त रखने की मांग की है। कहा कि पूर्व से कार्यरत शिक्षकों को टीईटी के लिए बाध्य करना उचित नहीं है। कहा कि नई पेंशन योजना कर्मचारियों के हित में नहीं है। पुरानी पेंशन बहाल होने से शिक्षकों एवं कर्मचारियों का आर्थिक और सामाजिक भविष्य अधिक सुरक्षित होगा। शिक्षकों ने चेतावनी दी कि उनके हितों को अनदेखा किया तो आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। इस मौके पर संगठन के अध्यक्ष अर्जुन सिंह कन्याल, कोषाध्यक्ष शत्रुघ्न सिंह बोरा एवं मंत्री भूपाल सिंह चौहान आदि थे।