शिक्षक और कर्मचारियों ने मनाया काला दिवस
- फोटो : अमर उजाला
पिथौरागढ़ जिलेभर में तैनात शिक्षकों और कर्मचारियों ने नई पेंशन योजना का विरोध करते हुए इसकी प्रतियां जलाई और सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि पेंशन उनका हक है, सरकार इसे देने से हाथ पीछे खींच रही है। नई पेंशन योजना सिर्फ छलावा है इसे किसी भी कीमत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मंगलवार को जिले भर के शिक्षकों और कर्मचारियों ने अपने संस्थानों में बांह में काली पट्टी बांधकर नई पेंशन योजना का विरोध करते हुए इसकी प्रतियां जलाईं। उन्होंने अपने संस्थानों में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर पुरानी पेंशन बहाली की मांग की। जिला मुख्यालय में पुरानी पेंशन राष्ट्रीय आंदोलन के जिलाध्यक्ष विजेंद्र लुंठी के नेतृत्व में सभा हुई। उन्होंने कहा कि देश में सांसद, विधायकों की पेंशन लगातार बढ़ रही है। अपने जीवन का महत्वपूर्ण समय जनता की सेवा में लगाने वाले कर्मचारियों को सरकार पेंशन देने से हाथ पीछे खींच रही है। सरकार ने नई पेंशन लागू की है जो सिर्फ छलावा है।
ये पढ़ें- Uttarakhand: फरार बाबा अनूप सिंह के घर पर लगाया कुर्की का नोटिस, छह माह से फरार चल रहा है आरोपी; जानें वजह
पेंशन हर कर्मचारी के जीवन का सहारा है, सरकार को इसे बहाल करना होगा। कहा पुरानी पेंशन बहाली की मांग पर हर कर्मचारी एकजुट होकर संघर्ष करेगा। कहा कि निकाय चुनाव में जो पुरानी पेंशन बहाली की बात करेगा कर्मचारी उसका समर्थन करेंगे। इस मुद्दे पर चुप रहने वाले को किसी भी कर्मचारी का समर्थन नहीं मिलेगा। जिला मुख्यालय में हुई सभा में राजकीय शिक्षक संघ के जिला मंत्री प्रवीण रावल, एमएनओपीस के जिला मंत्री मोहित बिष्ट, राज्य कर्मचारी परिषद के जिलाध्यक्ष प्रदीप भट्ट सहित कई कर्मचारी शामिल रहे।