डीडीहाट चिल्ड्रन पार्क में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते छात्रसंघ पदाधिकारी। संवाद
डीडीहाट (पिथौरागढ़)। सीएचसी डीडीहाट में सुविधाएं बढ़ाने की मांग के लिए 33वें दिन नारायणनगर महाविद्यालय के छात्रसंघ पदाधिकारियों ने धरना देकर सरकार के खिलाफ नारे लगाए।
रविवार को नारायण नगर छात्रसंघ अध्यक्ष अजय अवस्थी के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने चिल्ड्रन पार्क में धरना दिया। छात्रसंघ अध्यक्ष ने कहा कि राज्य और केंद्र सरकार के मुखिया अपना जन्मदिन मनाने में लगे हुए हैं। पहाड़ की जनता बेहतर इलाज न मिलने के चलते अपनी जान से हाथ धो रही है।
पहाड़ में रहने वालों को उनकी मूलभूत सेवाएं भी सरकार उपलब्ध नहीं करा पा रही है। मरीजों को अल्ट्रासाउंड सुविधा नहीं होने से काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। डीडीहाट अस्पताल में एक्सरे तक की सुविधा नहीं है। विशेषज्ञ चिकित्सक तो दूर की बात है। आंदोलन के समर्थन में छात्र नेता संजय देउपा, राजू बोरा, ललित चुफाल और नीमा देवी ने धरना दिया।