जिलाधिकारी डा. रंजीत सिन्हा ने कहा है कि एक हफ्ते के भीतर पूरे जिले में अवैध शराब और खनन पर पूर्ण रोक लगाएं। यदि एक हफ्ते के बाद कहीं से अवैध खनन या शराब की बिक्री की शिकायत मिली तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई होगी। अब अवैध धंधों को रोकने के लिए तहसील स्तर पर टीमों का गठन किया जाएगा।
बृहस्पतिवार को पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारियों की बैठक में डीएम ने कहा कि जिले के कई हिस्सों में खनन और शराब का धंधा चलने की जानकारी मिल रही है। इस पर अब सख्ती से रोक लगेगी। सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए लगातार वाहनों की चेकिंग की जाए।
जिला मुख्यालय में भवनों के निर्माण के कारण कम हो रही हरियाली पर चिंता जताते हुए उन्होंने वन विभाग और उद्यान विभाग के अधिकारियों से कहा कि दिसंबर में पौधरोपण अभियान चलाएं। सरकारी सस्ते गल्ले की दुकानों, पेट्रोल पंपों पर अब लगातार चेकिंग होगी। डीएम ने विभिन्न मामलों में चल रही मजिस्ट्रेटी जांचों को हर हाल में एक माह के भीतर पूरा किया जाए। राजस्व वसूली को तेज करने और आपराधिक गतिविधियों पर सख्ती से अंकुश लगाने के निर्देश दिए गए। बैठक में एडीएम मोहम्मद नासिर, सीओ हिमांशु साह, सभी तहसीलदार मौजूद थे।