स्पोर्ट्स स्टेडियम में राज्य स्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता का आगाज हुआ। पहले दिन प्री-क्वार्टर मुकाबले खेले गए। इसमें प्रदेश भर के मुक्केबाजों ने अपने पंच का दम दिखाया। विशाल, रोहित, ललित, निशेष, अंश, मयंक, प्रियांशु और पारस ने अपने मैच जीतकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।
बृहस्पतिवार को स्पोर्ट्स स्टेडियम में राज्य स्तरीय सब जूनियर बालक-बालिका वर्ग की बॉक्सिंग प्रतियोगिता का शुभारंभ डीएम विनोद गोस्वामी, अति विशिष्ट अतिथि उत्तराखंड बॉक्सिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष मुखर्जी निर्वाण, विशिष्ट अतिथि एसोसिएशन के महासचिव गोपाल सिंह खोलिया ने किया। पहले दिन प्री-क्वार्टर मुकाबले के 37-40 किलो भार वर्ग में स्पोर्ट्स हॉस्टल टनकपुर के विशाल चंद ने जोहार क्लब मुनस्यारी के गौरव प्रसाद, स्पोर्ट्स कॉलेज देहरादून के रोहित हंस राना ने देहरादून के ईशान पवार, अल्मोड़ा के ललित बिष्ट ने पिथौरागढ़ के आदित्य चंद, यूएस नगर के निशेष ने नैनीताल के दिगंबर को हराया।
40 से 43 किलो भार वर्ग में यूएस नगर के अंश ने चंपावत के हिमांशु, बागेश्वर के मयंक ने जोहार क्लब मुनस्यारी के हिमांशु, साई बागेश्वर के प्रियांशु ने स्पोर्ट्स हॉस्टल टनकपुर के अनुज, यूएस नगर के पारस ने साई पिथौरागढ़ के आशीष को हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। मैच का आनंद लेने दर्शकों की भीड़ जुटी रही।
19 टीमों के 126 बालक, 62 बालिका मुक्केबाज ले रहे हैं भाग
पिथौरागढ़ जिला क्रीड़ा अधिकारी अनूप बिष्ट ने बताया कि सीमांत जनपद में आयोजित राज्य स्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में प्रदेश में सभी 13 जिलों के साथ ही भारतीय खेल प्राधिकरण, काशीपुर, स्पोर्ट्स कॉलेज देहरादून, पिथौरागढ़, स्पोर्ट्स हॉस्टल कोटद्वार, टनकपुर, स्मॉल खेलो इंडिया सेंटर, जोहार क्लब मुनस्यारी सहित कुल 19 टीम प्रतिभाग कर रही हैं। प्रतियोगिता में 126 बालक और 62 बालिका मुक्केबाज अपने पंच का दम दिखाएंगी। विजेताओं को पुरस्कार और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
ये रहे निर्णायक
जोगेंदर सिंह बोरा, नवीन टम्टा, दिनेश टम्टा, ललित कुंवर, विनोद तिवारी, रिचा शर्मा, रेखा पांडे, वीएस रावत, दीपक विश्वकर्मा, निखिल महर, जर्नादन सिंह वल्दिया, प्रकाश जंग थापा, देवेंद्र जीना, विनीता नेगी, सुनीता मेहता रावत, सुरेंद्र सिंह बिष्ट, सुभाष चंद्र जोशी, प्रेम टम्टा, धर्मेंद्र बोहरा, अर्जुन सिंह, चंचल भंडारी, राजेंद्र जेठी, मान सिंह, राजेंद्र भाटिया, पुष्कर सिंह ने निर्णायक की भूमिका निभाई।