यहां स्पोर्ट्स स्टेडियम के विस्तारीकरण का काम शुरू हो गया है। शासन ने इसके लिए फिलहाल एक करोड़ रुपये की राशि उपलब्ध करा दी है। विस्तारीकरण के लिए शासन ने कुल 4.56 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। विस्तारीकरण के काम में कम से कम डेढ़ वर्ष का समय लगने वाला है। विस्तारीकरण के लिए स्टेडियम को जाने वाली सड़क को अंडरग्राउंड किया जाएगा। एक तरफ पवेलियन भवन का निर्माण होगा। इसमें चेंज रूम और वीआईपी रूम बनेगा।
पिथौरागढ़ स्टेडियम का निर्माण 1993 में यूपी के समय में हुआ था। यूपी के तत्कालीन मुख्यमंत्री मुलायम सिंह ने इसको मंजूरी दी थी। पूरे 22 वर्ष बाद स्टेडियम के विस्तारीकरण का काम शुरू हुआ है। विस्तारीकरण के बाद यहां पर स्तरीय एथलेटिक्स मैदान तैयार हो जाएगा। वर्तमान मैदान की लंबाई कम से कम दस मीटर तक बढ़ जाएगी। जिला क्रीड़ा अधिकारी विनोद सिंह वल्दिया ने बताया कि विस्तार हो जाने के बाद यहां पर राष्ट्रीय स्तर की एथलेटिक्स प्रतियोगिताएं कराने में आसानी हो जाएगी। उन्होंने बताया कि विस्तारीकरण का काम थोड़ा सा कठिन है। इसके लिए स्टेडियम को जाने वाली रोड को अंडरग्राउंड किया जाना है। उसके बाद पक्की दीवार देकर मैदान को विस्तार दिया जाएगा।
विस्तारीकरण का काम पेयजल निर्माण निगम को सौंपा गया है। बारिश के सीजन में काम में थोड़ी बाधा पहुंच रही है लेकिन बारिश थमने के बाद काम तेज होने लगेगा। श्री वल्दिया ने बताया कि यहां के खेलप्रेमियों को एक स्तरीय स्टेडियम मिलने वाला है। इनमें अन्य प्रतियोगिताएं भी आसानी से कराई जाएंगी।