झूलाघाट(पिथौरागढ़)। विजय ज्योति इंडो-नेपाल ओपन वाॅलीबाल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला खटीमा ने जीता। दशरथ चंद नगरपालिका, नेपाल को हराकर उसने ट्राॅफी पर कब्जा जमाया। विजेता टीम को 21, उपविजेता टीम को 11 हजार रुपये पुरस्कार राशि और ट्राॅफी दी गई।
शुक्रवार को कारगिल शहीदों की याद में झूलाघाट में आयोजित वाॅलीबॉल प्रतियोगिता के पहले क्वार्टर फाइनल मुकाबले में गंगा युवा क्लब रामनगर ने दशरथ चंद नगरपालिका, नेपाल को 25-27, 24-26 से, दूसरे मुकाबले में खटीमा ने पंतनगर को 17-25, 25-22, 20-25 से, तीसरे मुकाबले में जगन्नाथ युवा क्लब, नेपाल ने युवक मंगल दल झूलाघाट को 16-25, 25-22 से, चौथे मुकाबले में बाराकोट, नेपाल ने ओगला को 25-20, 22-25, 25-20 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। सेमीफाइनल में दशरथ चंद नगरपालिका, नेपाल ने 25-16, 23-25, 25-15, 25-23 से जगन्नाथ युवा क्लब, नेपाल जबकि खटीमा ने बाराकोट, नेपाल को 25-17, 25-14, 25-18 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।
नेपाल कांग्रेस पार्टी के नगर सचिव गणेश सिंह थापा सेमीफाइनल मुकाबले के मुख्य अतिथि रहे। फाइनल मुकाबले में खटीमा ने दशरथ चंद नगरपालिका, नेपाल को 25-16, 25-21, 25-21 से हराकर ट्राॅफी अपने नाम की। विजेता और उपविजेता टीम को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि भाजपा महिला मोर्चा की जिला उपाध्यक्ष दीपिका चुफाल, विशिष्ट अतिथि प्रधान किरन भट्ट, थानाध्यक्ष आरती, एसएसबी के असिस्टेंट कमांडेंट गैना सिंह मराठा, भाजपा मंडल अध्यक्ष संजीव जोशी, पीएचसी झूलाघाट की डॉ. दिव्या नाथ, सीमांत सेवा फाउंडेशन के ललित पंत रहे। संवाद