दारमा घाटी को जोड़ने वाली सोबला-ढाकर सड़क खुलने के बाद तहसील मुख्यालय लौटते वाहन और पर्यटक। स्र
धारचूला(पिथौरागढ़)। आखिरकार तीन दिन बाद दारमा घाटी को जोड़ने वाली सोबला-ढाकर सड़क खुली। आवाजाही शुरू होने से हिमालयी क्षेत्रों में फंसे 200 से अधिक पर्यटक और स्थानीय लोग सुरक्षित धारचूला लौटे। पर्यटकों और स्थानीय लोगों ने धारचूला पहुंचकर राहत की सांस ली।
दरअसल दारमा घाटी को जोड़ने वाली सोबला-ढाकर सड़क बीते रविवार पंगबावे के पास चट्टान दरकने से बंद हो गई। सड़क पर भारी बोल्डर गिरने से वाहनों की आवाजाही ठप हो गई और पंचाचूली ग्लेशियर दर्शन के लिए गए 200 से अधिक पर्यटक और स्थानीय लोग फंस गए। पर्यटकों को दारमा घाटी के विभिन्न गांवों में होम स्टे और घरों में ठहराया गया। सभी तहसील मुख्यालय लौटने के लिए सड़क खुलने का इंतजार कर रहे थे। बीआरओ ने कड़ी मेहनत से बोल्डरों को हटाया। तीन दिन बाद आवाजाही शुरू कराई जा सकी और फंसे यात्री और स्थानीय लोग तहसील मुख्यालय पहुंच सके। 67 आरसीसी ग्रेफ के ओसी चंद्र गुप्त ने कहा कि सड़क पर आवाजाही सुचारू करा दी है।
26 पर्यटकों को आठ किमी पैदल चलकर किया रेस्क्यू
सड़क बंद होने से 26 पर्यटक दर और बोंगलिंग में फंस गए। सूचना पर एसडीएम आशीष जोशी ने राजस्व की टीम को पर्यटकों को रेस्क्यू करने के लिए भेजा। टीम ने दोनों गांवों में पहुंचकर आठ किलोमीटर पैदल चलकर 26 यात्रियों को रेस्क्यू करते हुए उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। सड़क खुलते ही सभी तहसील मुख्यालय लौटे।