चंपावत में ठंड से बचने के लिए आग की ऊंची लपटे बन रही सहारा। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : CHAMPAWAT
मुनस्यारी/पिथौरागढ़/चंपावत। जिले में मंगलवार को मौसम ने फिर करवट ली है। मंगलवार को दिनभर आसमान बादलों से घिरा रहा। सुबह से ही आसमान में बादल छाये रहे। शाम को पंचाचूली, हंसलिंग, खलियाटॉप तक हल्की बर्फबारी हुई। ऊंची चोटियों में हिमपात और दिन भर बादल छाये रहने से मुनस्यारी में कड़ाके की ठंड रही। कई लोगों ने ठंड से बचाव के लिए अलाव और हीटर जलाए।
पश्चिमी विक्षोभ के कारण जिले में अगले चार दिनों में हल्की से मध्यम बारिश और अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्र में भारी हिमपात की संभावना है। कृषि विज्ञान केंद्र पिथौरागढ़ के डॉ. चेतन कुमार भट्ट ने बताया कि इस समय पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार जिले में बहुत हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। समुद्र तल से 2200 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी हिमपात हो सकता है।
इस पूर्वानुमान के कारण पांच और छह जनवरी को यलो अलर्ट घोषित किया गया है। डॉ. भट्ट ने बताया कि जिले में कोल्ड डे की स्थिति बने रहेगी। मौसम को देखते हुए किसानों और पशुपालकों के लिए भी सलाह दी है। फसलों को ठंड से होने वाले नुकसानों से बचाने के लिए सिंचाई करने, खेत के चारों ओर धुआं करने, जानवरों को कोल्ड स्ट्रोक एवं निमोनिया के खतरे से बचाने के लिए उन्होंने पशुशाला की समुचित व्यवस्था करने की सलाह दी है।
वहीं चंपावत जिले में दिनभर तेज धूप के बाद शाम को कड़ाके की ठंड से लोगों को जूझना पड़ रहा है। ठंड से बचने के लिए लोग ऊनी कपड़ों समेत आग का सहारा ले रहे हैं। छिटपुट रूप से पड़े पाले से फसलों को असर पड़ रहा है। मंगलवार को चंपावत का न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस रहा जबकि अधिकतम तापमान 14 डिग्री रहा।