बर्फ से लकदक मुनस्यारी का खलियाटॉप
- फोटो : अमर उजाला
खलियाटॉप और बेटुलीधार में शनिवार रात भारी हिमपात होने से साहसिक खेल गतिविधियों से जुड़ी संस्थाओं ने स्नो स्कीइंग प्रशिक्षण की तैयारी शुरू कर दी है। कुमाऊं मंडल विकास निगम ने 10 जनवरी से स्कीइंग प्रशिक्षण शुरू करने का फैसला लिया है। प्रशिक्षण में धारचूला और मुनस्यारी के युवा शामिल होंगे। उनका पंजीकरण धारचूला और मुनस्यारी के पर्यटक आवासगृहों में किया जाएगा।
केएमवीएन के साहसिक पर्यटन प्रबंधक दिनेश गुरुरानी ने बताया कि खलियाटॉप के ऊपरी इलाकों में कम से कम तीन फीट बर्फ गिरी है। अब यह स्कीइंग के लिए पर्याप्त है। केएमवीएन 1991 से समय-समय पर खलियाटॉप और बेटुलीधार में स्कीइंग के प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाता आया है। कम हिमपात के कारण संशय में चल रहे निगम ने अब तैयारी तेज कर दी है। उन्होंने बताया कि स्कीइंग के साथ-साथ युवाओं को हिमालय बचाओ और स्वच्छता कार्यक्रम से भी जोड़ा जाएगा।
इधर, मोनाल संस्था के सचिव सुरेंद्र पंवार ने बताया कि वह सोमवार को जिलाधिकारी से मिलकर स्कीइंग प्रशिक्षण शुरू करने की अनुमति लेंगे। उन्होंने कहा कि खलियाटॉप के निचले इलाकों में दो से ढाई फीट और ऊपरी इलाकों में तीन फीट बर्फ गिरी है। अब स्कीइंग आसानी से कराई जाएगी। मोनाल संस्था अपने स्तर से भी स्कीइंग प्रशिक्षण की तैयारी कर रही है।