पिथौरागढ़। भारत-नेपाल की खुली सीमा का फायदा उठाकर काली नदी से अवैध रास्तों से तस्करी कर भारत में भारी मात्रा में नेपाली सिगरेट खुकरी लाई जा रही है। भारतीय कंपनियों की सिगरेट ज्यादा महंगी होने से उसका बाजार लगातार कम हो रहा है। नतीजतन नेपाल सीमा से सटे बाजारों में खुकरी सिगरेट ने पूरी तरह सेंध लगा ली है।
झूलाघाट से लेकर धारचूला तक काली नदी को पार कर नेपाल की खुकरी सिगरेट को सीमा पर तैनात सुरक्षा एजेंसियां भी रोक नहीं पा रही हैं। नेपाल में बनने वाली सिगरेट की नेपाल के बैतड़ी बाजार में 20 पैकेट की कीमत 1200 से 1500 रुपये है, जबकि भारत आने के बाद इसकी कीमत 2000 रुपये हो जाती है। यह कीमत भारतीय कंपनियों की सिगरेट की अपेक्षा बहुत ही कम है। भारतीय सिगरेट पर कई तरीके के टैक्स लगने के कारण नेपाल में निर्मित खुकरी सिगरेट ने भारतीय बाजार को पूरी तरीके से चौपट कर दिया है।
खुकरी सिगरेट को भारत में लाने पर पूर्णतया प्रतिबंध है, लेकिन भारत एवं नेपाल की खुली सीमा पर महाकाली के किनारे टायर ट्यूब और कश्ती से पार कर खुकरी सिगरेट लाई जा रही है। इससे राजस्व का नुकसान होता है। इसी तरह से भारत से भी प्रतिबंधित बीड़ी सहित अन्य सामान चोरी छिपे नेपाल भेजा जाता है। नेपाल में आए दिन अवैध तरीके से ले जाया गया सामान पकड़ में आने के मामले आते रहते हैं।
-
किसी भी दुकान में आसानी से मिल जाती है खुकरी सिगरेट
पिथौरागढ़। जिले भर में किसी भी दुकान में आसानी से नेपाली खुकरी सिगरेट आसानी से उपलब्ध हो जाती है। कार्रवाई नहीं होने के कारण खुकरी सिगरेट का बाजार लगातार फलफूल रहा है। लोगों ने नेपाल सिगरेट और अन्य नशीले पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने की मांग की है। संवाद
-
इनसेट कोट-
तस्करी को रोकने के लिए लगातार नेपाल सीमा पर गश्त की जा रही हैं। पुलिस कर्मियों को लगातार सीमा पर गश्त करने के निर्देश दिए हैं।
परवेज अली, सीओ पिथौरागढ़।