नाचनी (पिथौरागढ़)। चिन खत्म हुड़ वाइल छ, चाह एक्के बार बनूल हां...। घर में चीनी खत्म होने पर कभी कभार ऐसा कहते सभी ने सुना होगा। सोचों अगर यह स्थिति रोज की हो जाए तो क्या होगा। होकरा सड़क के एक माह से अधिक समय से बंद होने से इस मार्ग से जुड़ीं चार ग्रामसभाओं के कई घरों की यही कहानी है। सड़क बंद होने से पांच हजार की आबादी दैनिक उपयोगी वस्तुओं के लिए तरस रही है। गांवों में नमक, आटा, चावल आदि की किल्लत हो गई है। कुछ परिवार तो ऐसे हैं जहां लोगों ने अपनी खुराक में कटौती कर दी है। आपूर्ति नहीं होने से परेशान ग्रामीणों ने शीघ्र सड़क खोलने की मांग की है।
होकरा सड़क के एक माह से बंद होने के कारण छह से ज्यादा टैक्सियां भी फंस गई हैं। अगस्त में हुई भारी बारिश के कारण मसूरीकाठा- होकरा 10 किमी सड़क पहले किलोमीटर में बंद हो गया था। रातों नामक स्थान पर भूस्खलन से 60 मीटर सड़क का नामोनिशान मिट गया है। होकरा, गौला, खोयम और नामिक के लोग गिरते बोल्डरों के बीच जान खतरे में डालकर आवाजाही कर रहे हैं। कुछ दिन पूर्व ग्रामीणों की ओर से गांव को जोड़ने के लिए बनाया गया पैदल रास्ता भी भूस्खलन की चपेट में आ गया है। क्षेत्र की तीन दर्जन दुकानों में राशन, सब्जी फल नमक, रसोई गैस खत्म हो चुकी है। इससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
किस्त जमा करने के लिए नहीं हैं रुपये
नाचनी। सड़क बंद होने से वाहन फंसने के कारण टैक्सी चालकों की आमदनी ठप है। टैक्सी स्वामी गोविंद सिंह, बलवंत सिंह, पुष्कर सिंह, सुंदर सिंह, मनोहर सिंह, नंदन सिंह के पास बैंक में किस्त का भुगतान करने के लिए पैसे भी नहीं हैं। ग्राम प्रधान होकरा की दुर्गा देवी, खोयम के राजेंद्र सिंह, गौला के मोहन सिंह और नामिक की तुलसी देवी का कहना है कि सड़क खोलने के लिए पीएमजीएसवाई धारचूला, एसडीएम मुनस्यारी को कई बार सड़क खोलने की सूचना दे चुके हैं। इसके बाद भी सड़क को नहीं खोला जा रहा है।
महाष्टमी पर्व के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं को होगी दिक्कत
नाचनी(पिथौरागढ़)। युवक मंगल दल होकरा ने डीएम को ज्ञापन भेजकर सड़क खोलने की मांग की है। होकरा माई शक्ति पीठ के अध्यक्ष दान सिंह मेहता का कहना है कि 13 अक्तूबर को शारदीय नवरात्र की महाष्टमी है। कुमाऊं मंडल के पांचों जिले के लगभग 15 हजार श्रद्धालु प्रतिवर्ष दर्शन के लिए आते हैं। अगर सड़क नहीं खुली तो श्रद्धालुओं को 10 किमी पैदल चलना पड़ेगा। क्षेत्र के सभी जनप्रतिनिधियों और जनता ने शीघ्र सड़क खोलने की मांग की है।
चार माह से बंद मदकोट-बसंतकोट जौलढूंगा सड़क में फंसे वाहन
मुनस्यारी।(पिथौरागढ़) मदकोट, बसंतकोट, जौलढूंगा सड़क पिछले चार माह से बंद चल रही है। इस कारण कई वाहन गांव में फंस चुके हैं। लोग किसी तरह जान जोखिम में डालकर आवाजाही कर रहे हैं। लोगों ने शीघ्र सड़क को खोलने की मांग की है। संवाद
-
रातों के पास सड़क हरड़िया की तरह हो चुकी है। पहाड़ी से गिरे बोल्डरों और मलबे के कारण 50 मीटर क्षेत्र में सड़क ध्वस्त हो चुकी है। जेसीबी मौके पर तैनात है। रोज बारिश होने से काम नहीं हो पा रहा है। मौसम ठीक होते ही सड़क खोलने का काम शुरू कर दिया जाएगा। - किशन सिंह ऐरी, ईई पीएमजीएसवाई धारचूला।