झूलाघाट में सर्वर डाउन होने से सूना पड़ा एसबीआई
- फोटो : अमर उजाला
एसबीआई झूलाघाट में बीते दिन से सर्वर खराब होने से लेनदेन नहीं हो पा रहा है। इसके चलते क्षेत्र के उपभोक्ताओं के साथ ही नेपाल के पूर्व सैनिकों को भी दिक्कत हो रही है। पेंशन लेने पहुंचे कई नेपाली पेंशनर्स को शुक्रवार को भी मायूस लौटना पड़ा।
नेपाल सीमा से लगे झूलाघाट कस्बे में एसबीआई और ग्रामीण बैंक की शाखाएं हैं। नेपाल के बैतड़ी जिले के लोग भारतीय सेना में काम कर चुके हैं। इन पूर्व सैनिकों की पेंशन स्टेट बैंक झूलाघाट में आती है। इसके चलते प्रतिदिन दर्जनों लोग नेपाल से पेंशन लेने झूलाघाट आते हैं। बृहस्पतिवार को बैंक के सर्वर में खराबी आ गई। सर्वर का पार्ट्स देहरादून, हल्द्वानी से मंगाया गया है।
शुक्रवार को पार्ट्स नहीं आने से सर्वर मरम्मत के लिए पिथौरागढ़ भेजा गया। इस कारण बैतड़ी से आए हवलदार नंदा सिंह, चिंतामनी जोशी, चंद्री चंद, कलसा देवी, धानी चंद, चंद्र बहादुर आदि को बगैर पेंशन लिए ही लौटना पड़ा। शाखा प्रबंधक कमलेश जोशी ने बताया सर्वर मरम्मत के लिए पिथौरागढ़ भेजा गया है। शनिवार को सर्वर ठीक होने के बाद लेनदेन का कार्य शुरू हो जाएगा।
प्रमाणित कागजों के लिए परेशान होते हैं खाताधारक
झूलाघाट। नेपाल के कई पूर्व सैनिकों को पेंशन नहीं मिलने से रात झूलाघाट में ही गुजारनी पड़ रही है। इससे उन्हें अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बैतड़ी के एक पेंशनर ने नाम नहीं छापने की शर्त पर पर बताया कि बैंक कर्मी नाम में छोटी सी भी कमी को दूतावास से ठीक कराकर लाने को कहते हैं। नेपाल के सीडीओ कार्यालय द्वारा प्रमाणित कागजों को भी अमान्य किया जा रहा है। उनका कहना था कि उन्होंने भारत की सीमाओं की रक्षा के लिए युद्ध लड़ा। आज उन्हें अपने ही रुपये लेने के लिए परेशान किया जा रहा है।