चंपावत। जनसमस्याओं के निस्तारण में लापरवाही बरतना लघु सिंचाई विभाग के अधिकारियों को भारी पड़ गया। जनता मिलन, जन-जन की सरकार और जन समर्पण पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का समय पर निस्तारण नहीं करने और आपदा से क्षतिग्रस्त परिसंपत्तियों के आंकड़े उपलब्ध नहीं कराने पर जिलाधिकारी मनीष कुमार ने लघु सिंचाई के अधिशासी अभियंता विमल कुमार सूंठा समेत संबंधित एई और जेई का एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पोर्टल पर लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए। साथ ही आपदा प्रभावित क्षेत्रों में क्षतिग्रस्त परिसंपत्तियों का आकलन कर रिपोर्ट तत्काल उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्धारित समय में शिकायतों का निस्तारण नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई की जाएगी।