चंपावत। मुख्यमंत्री घोषणा के तहत लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत ठांटा स्थित ऐतिहासिक दूधाधारी भगवती मेला स्थल का सुंदरीकरण किया जाएगा। इसके साथ ही मेला परिसर में दर्शक दीर्घा और ध्यान केंद्र का निर्माण भी होगा। शासन ने इन कार्यों के लिए 97.10 लाख रुपये की प्रशासनिक व वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी है।
मेला परिसर में दर्शक दीर्घा बनने से मेले के दौरान स्थानीय लोगों और दूरदराज से आने वाले श्रद्धालुओं को बैठकर धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम देखने की सुविधा मिलेगी। वहीं, ध्यान केंद्र बनने से श्रद्धालुओं को ध्यान और साधना के लिए निर्धारित स्थान उपलब्ध होगा। इन सुविधाओं के विकसित होने से ऐतिहासिक मेला स्थल की व्यवस्थाओं में सुधार के साथ उसका स्वरूप भी निखरेगा।
पंचायतीराज विभाग से संबंधित मुख्यमंत्री घोषणा के तहत यह कार्य कराए जाएंगे। स्वीकृत धनराशि में से चालू वित्तीय वर्ष के लिए पहली किस्त के रूप में 58.26 लाख रुपये जारी करने की मंजूरी दी गई है। यह कुल स्वीकृत लागत का 60 फीसदी है। डीएम मनीष कुमार ने कहा कि इस स्वीकृति से ठांटा के ऐतिहासिक दूधाधारी भगवती मेला स्थल को नई सुविधाएं मिलेंगे और धार्मिक दृष्टि को एक अलग पहचान मिलेगी।