टनकपुर (चंपावत)। दिवाली पर्व नजदीक होने के बावजूद तीन माह का वेतन न मिलने आक्रोशित रोडवेज कर्मियों का गुस्सा धनतेरस पर सुबह तक फूटता रहा। कर्मियों ने आरएम के समक्ष तीन माह का वेतन निर्गत कराने की मांग उठाई। इस बीच रोडवेज प्रबंधन ने बोनस का वितरण किया, दोपहर बाद खाते में अगस्त माह का वेतन निर्गत कर दिया। एआरएम ने बताया कि अब एक माह का वेतन, बोनस कर्मियों को मिलने लगा है।
बता दें कि बीते दिनों रोडवेज की दो यूनियनों ने तीन माह का वेतन समेत अन्य मांगों को लेकर आंदोलन किया था। आश्वासन के बाद भी वेतन न मिलने से कर्मी आक्रोशित थे। बृहस्पतिवार को कर्मियों ने जुलूस निकाला। शुक्रवार की सुबह भी रोडवेज कर्मचारी नेता पंकज पंत, अशोक बोहरा, राजेंद्र बिष्ट, करन सिंह, दिनेश भट्ट आदि ने आरएम आलोक कुमार बनवाल के समक्ष तीन माह के लंबित वेतन का मामला उठाया। इस बीच बोनस वितरण शुरू हो गया और दोपहर बाद लंबित तीन माह के वेतन में अगस्त का वेतन बैंक में आ गया।
एआरएम सुरेश चंद्र पांडेय ने बताया कि एक माह का वेतन और बोनस कर्मियों को मिलने लगा है। बहरहाल, त्योहार में कर्मियों को इससे राहत मिल सकेगी।