बेड़ीनाग में पेयजल लाइन लीकेज होने के बाद सड़क पर जमा पानी। संवाद
- फोटो : PITHORAGARH
बेड़ीनाग (पिथौरागढ़)। एक ओर बेड़ीनाग नगर में पेयजल की किल्लत से लोग परेशान हैं, दूसरी ओर जल निगम के पेयजल लाइन के टूट जाने से सड़कों पर हजारों लीटर पानी बर्बाद हो रहा है। जल निगम की लापरवाही से करीब चार हजार से अधिक लोगों को पानी नहीं मिल पा रहा है। लोगों ने जल्द ही पेयजल लाइन ठीक करने की मांग की है।
इन दिनों बेड़ीनाग नगर के साथ ही आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में पानी की भारी किल्लत हो रही है, जबकि जवाहर चौक में लंबे समय से पानी की लाइनों से पानी रिस रहा है। लीकेज होती पेयजल लाइन को जल निगम ठीक नहीं कर पाया है। इससे सोमवार को दिनभर सड़कों पर सैकड़ों लीटर पानी बर्बाद होता रहा। लाइन क्षतिग्रस्त होने से इससे करीब चार हजार से अधिक आबादी को पानी के लिए दिक्कतों का सामना करना पड़ा, जबकि पेयजल लाइन टूटने की सूचना स्थानीय लोगों ने विभाग को दी थी। बावजूद इसके विभाग ने अब तक कोई कदम नहीं उठाया है। इससे उनमें विभाग के खिलाफ आक्रोश है। लोगों ने पेयजल लाइन ठीक नहीं करने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
जरूरत वाले स्थानों में नहीं है स्टैंड पोस्ट
बेड़ीनाग (पिथौरागढ़)। जल निगम ने जगह-जगह पानी के स्टैंड पोस्ट लगाए हैं, लेकिन जिन स्थानों में लोगों को पानी की आवश्यकता है, वहां पर स्टैंड पोस्ट नहीं लगाए गए हैं, कहीं-कहीं तो दो- दो स्टैंड पोस्ट लगाए हैं। जहां पर लोगों को कम जरूरत है। लोगों ने कहा कि विभाग को जरूरत वाले स्थानों में स्टैंड पोस्ट लगाने चाहिए।
बेड़ीनाग में स्टैंड पोस्ट और पाइप लिकेज की जानकारी मिलने के बाद संबंधित जेई को बताया गया है। जल्दी ही लाइन ठीक कर ली जाएगी। जिन स्थानों में स्टैंड पोस्ट नहीं हैं, वहां जल्द लगाने की कार्यवाही की जाएगी।
अनूप पांडे, ईई, जल निगम, गंगोलीहाट।