बदहाल बाराकोट-पिथौरागढ लिंक मोटर मार्ग।
- फोटो : LOHAGHAT
नाचनी (पिथौरागढ़)। जुलाई में हुई भारी बारिश से हुपुली-सुंधरीनाग 10 किमी सड़क को कई जगह ध्वस्त हो गई थी। इसे तीन माह बाद भी खोला नहीं जा सका है। सड़क बंद होने के कारण तीन गांवों की पांच हजार आबादी को पैदल ही आवाजाही करनी पड़ रही है। इससे लोगों को परेशानी हो रही है।
गांव की सस्ता गल्ला दुकान से राशन और दैनिक उपयोगी की वस्तुओं के लिए 10 किमी दूर नाचनी से खच्चरों से महंगा भाड़ा चुकाकर राशन लाना पड़ रहा है। इससे उन पर आर्थिक बोझ पड़ रहा है। बीमार लोगों को डोली से अस्पताल ले जाना पड़ रहा है।
एक पिकअप वाहन तीन माह से बाथी गांव में फंसा है। इससे परेशान लोगों ने कहा कि लोनिवि को ग्रामीण क्षेत्र की जनता से कोई सरोकार नहीं है। अगर फिर से बारिश हो गई तो सड़क अगले साल ही खुल सकेगी।
सड़क तीन माह से बंद है। गांव की सस्ता गल्ला दुकानों में गरीबों को मिलने वाले मुफ्त के राशन के लिए गरीबों को अधिक भाड़ा देना पड़ रहा है। - तुलसी बथ्याल, प्रधान कोटयूड़ा
सड़क बंद होने से बीमार लोगों को डोली से अस्पताल ले जाना पड़ रहा है। तीन माह से बंद सड़क शासन-प्रशासन की उदासीनता दिखा रही है। - हंसी देवी, प्रधान, बाथीगूंठ
सड़क बंद होने से सब्जियां और फल गांव में ही सड़ रहे हैं। आमदनी के स्रोत खत्म हो चुके हैं। सड़क खुली होती तो लाभ मिल सकता था। - दिनेश सिंह, किसान, कोटयूड़ा
अगस्त में वाहन का फिटनेस होना था। बैंक की किश्त जमा करनी थी लेकिन कमाई बंद होने से अब जेब खाली है। सड़क बंद होने से बेरोजगार हो गया हूं। - लाल सिंह, पिकअप स्वामी