पिथौरागढ़। राजस्व गांव गरुड़ा के लिए पानी रोकने से आक्रोशित ग्रामीणों ने डीएम कार्यालय में ज्ञापन देकर प्रदर्शन किया। उन्होंने पेयजल आपूर्ति शीघ्र सुचारु नहीं करने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।
सरपंच मोहन चंद्र पांडे के नेतृत्व में ग्रामीण बुधवार को कलक्ट्रेट में एकत्र हुए। यहां उन्होंने नारे लगाकर प्रदर्शन किया। कहा कि वह लोग छाना गांव से आने वाली पेयजल योजना से पानी की व्यवस्था कर रहे हैं। दो माह पहले गांव में संपर्क मार्ग की कटिंग की गई इससे पेयजल योजना टूट गई। आग्रह करने के बाद छाना से पेयजल योजना को जोड़ दिया गया लेकिन अब पेयजल योजना को बंद कर दिया है।
उन्होंने कहा कि योजना से आपूर्ति नहीं होने ग्रामीणों के सामने संकट पैदा हो गया है। ग्रामीणों के लिए अपने और मवेशियों के लिए पानी का इंतजाम करना मुश्किल हो रहा है। इस दौरान पंकज पांडेय, लक्ष्मी देवी, दीपा देवी, खष्टी देवी, गोविंद पांडेय, शांति देवी, गणेश दत्त पांडेय, देवी दत्त पांडेय, चंद्रा पांडेय, गीता पांडेय आदि मौजूद थे।