मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। होली के दौरान मारपीट में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई है। इस मामले में पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर दी है।
सरमोली में सात मार्च को होली के दौरान रोहित लस्पाल को कुछ लोगों ने मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। परिजन उसे प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल ले गए। गंभीर चोट होने के कारण जिला अस्पताल से उसे सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी रेफर किया गया। यहां से भी उसे एम्स ऋषिकेश ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
थानाध्यक्ष संजीव कुमार के मुताबिक घटना के दिन रोहित के भाई चंद्रशेखर लस्पाल ने केदार सिंह मर्तोलिया, गोलू मर्तोलिया, नारायण सिंह मर्तोलिया और रोहित मर्तोलिया के खिलाफ तहरीर दी थी। तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ 323, 325, 504 एवं 506 आईपीसी में रिपोर्ट दर्ज की गई है। उनका कहना है कि मामले में विवेचना जारी है। संवाद