बारिश से ध्वस्त हुई राईआगर-चामाचौड़-मनगड़ सड़क।
बेड़ीनाग (पिथौरागढ़)। भारी बारिश के चलते मंगलवार सुबह राईआगर-चामाचौड़-मनगड़ सड़क चौखुना के पास क्षतिग्रस्त होकर ध्वस्त हो गई। इससे तहसील मुख्यालय की ओर आ रहे कई वाहन फंस गए। वाहनों में सवार लोगों को करीब पांच किलोमीटर पैदल चलकर राईआगर पहुंचना पड़ा। सड़क बाधित होने से क्षेत्र के करीब एक दर्जन गांवों की आवाजाही प्रभावित हुई।
ग्राम प्रधान चौखुना हिमांशु आगरी ने बताया कि सड़क की गुणवत्ता को लेकर पहले से शिकायतें की जा रही थीं। डीएम, एसडीएम, बीडीसी बैठक और बहुउद्देशीय शिविर में भी सड़क की गुणवत्ता की जांच की मांग उठाई गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने बताया कि करीब दो वर्ष पहले बनी सड़क कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो चुकी है। सड़क किनारे बनी नालियां और कलवर्ट भी बारिश से पहले ही क्षतिग्रस्त हो गए थे। उन्होंने सड़क की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की।
पूर्व ब्लॉक प्रमुख रेखा भंडारी ने कहा कि सड़क बंद होने से आसपास के करीब एक दर्जन गांवों का संपर्क प्रभावित हुआ है। उन्होंने जल्द सड़क खोलने के साथ निर्माण की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग की।
ब्रिडकुल के अवर अभियंता मोहित कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही सड़क को आवाजाही के लिए खोल दिया गया है। उन्होंने कहा कि अधिक बारिश के कारण सड़क क्षतिग्रस्त हुई है। इसकी सूचना आपदा कंट्रोल रूम को दे दी गई है।
मलबा आने से स्यूंति-राम मंदिर सड़क बंद
गणाईगंगोली। स्यूंति-राम मंदिर सड़क काली पहाड़ी के पास भारी मलबा आने से बंद हो गई। पूर्व जिला पंचायत सदस्य राजेंद्र बोरा ने बताया कि सड़क बंद होने की सूचना तहसील प्रशासन और लोक निर्माण विभाग को दे दी गई है। सड़क बंद होने से ग्रामीणों को आवाजाही में परेशानी हो रही है। उन्होंने जल्द मलबा हटाकर सड़क खोलने की मांग की।