चंपावत। मुख्यालय में शिक्षा विभाग सरकारी विद्यालयों की निशुल्क पाठ्यपुस्तकों की गुणवत्ता की जांच कर रहा है। यह पहल छात्रों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की जा रही है।
विज्ञापन
जिले में कक्षा एक से 12 तक के लगभग 26 हजार छात्र-छात्राओं को निशुल्क पाठ्यपुस्तकें वितरित की जा रही हैं। छात्रों को समय पर उच्च गुणवत्ता की पुस्तकें उपलब्ध कराना शिक्षा विभाग की प्राथमिकता है। इसी के तहत जिला मुख्यालय में पाठ्यपुस्तकों की गुणवत्ता की जांच की जा रही है। जांच के दौरान छपाई, कागज की गुणवत्ता, बाइंडिंग और सामग्री की शुद्धता का परीक्षण किया जा रहा है। प्रभारी मुख्य शिक्षा अधिकारी मान सिंह बिष्ट ने बताया कि अलग-अलग ब्लॉकों के आठ विषयाध्यापकों से पाठ्यपुस्तकों की जांच कराई जा रही है। कहा कि यदि किसी विद्यालय में खराब गुणवत्ता की पुस्तकें पाई जाती हैं तो इसकी सूचना तत्काल निदेशालय स्तर पर निशुल्क पाठ्यपुस्तक जांच समिति को भेजी जाएगी।