पिथौरागढ़ जिले में पंचायतों का कार्यकाल बढ़ाने की मांग को लेकर बिण ब्लाक में पंचायत प्रतिनिधियों ने तालाबंदी की। उन्होंने ब्लाक के माध्यम से सीएम को ज्ञापन भेजकर एक देश एक चुनाव कराने की मांग की है।
मंगलवार बिण ब्लाक के पंचायत प्रतिनिधि विकासखंड कार्यालय में एकत्र हुए। उन्होंने यहां पंचायतों का कार्यकाल बढ़ाने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर तालाबंदी की। उन्होंने कहा कि हरिद्वार जिले को छोड़कर 12 जिलों में त्रि-स्तरीय पंचायतों का चुनाव 2024-25 में कराया जाना है। प्रधानमंत्री की पहल के बाद इसके लिए गठित कमेटी ने एक देश एक चुनाव को लेकर रिपोर्ट भारत सरकार को दे दी है। उत्तराखंड में लंबे समय से पंचायत प्रतिनिधि एक राज्य एक पंचायत चुनाव के लिए लंबे समय से संघर्ष कर रहे हैं।
ये पढ़ें- दिल्ली हादसे के बाद जागे अधिकारी: कोचिंग सेंटरों में छापा, दस को नोटिस; नक्शे और पार्किंग व्यवस्था नहीं मिला
उन्होंने कहा कि 23 नवंबर 1996 में हुए त्रिस्तरीय पंचायत का चुनाव हुआ था। जिसका कार्यकाल 23 नवंबर 2001 को समाप्त हो रहा था। उस समय तत्कालीन राज्य सरकार ने अधिसूचना जारी कर कार्यकर्ता एक वर्ष तीन माह 28 दिन बढ़ा दिया था। कोरोना काल में पंचायतों को बजट नहीं मिल पाया था। इस कारण पंचायतों का विकास नहीं हो पाया था। उन्होंने शीघ्र कार्यकाल नहीं बढ़ाने पर तीन अगस्त को देहरादून में आंदोलन करने की चेतावनी दी है। इस मौके पर क्षेत्र पंचायत सदस्य निर्मला देवी, बिमला रावत, कविता बिष्ट, ललित सिंह, मोहन सिंह मेहता,ममता देवी, जगदीश चंद, ललित थापा सहित कई लोग मौजूद रहे।