सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुनस्यारी।
- फोटो : PITHORAGARH
मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। पहाड़ की स्वास्थ्य सेवाओं का आलम यह है कि रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती नहीं होने से लोगों को एक्स-रे और अल्ट्रासाउंड के लिए 130 किलोमीटर की दौड़ लगानी पड़ रही हैं। लोगों का यह सफर आसान नहीं होता है इसके लिए कई किलोमीटर पैदल चलने के साथ ही सड़क पर वाहन का इंतजार भी करना पड़ता है। यह स्थिति तब है जब सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक्स-रे और अल्ट्रासाउंड की मशीनें पिछले चार साल धूल फांक रही हैं। लोगों की मांग के बाद भी रेडियोलॉजिस्ट की नियुक्ति के प्रयास नहीं किए जा रहे हैं।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुनस्यारी को 2014 से 2018 तक पीपीपी मोड के तहत बरेली के शील नर्सिंग होम प्राइवेट लिमिटेड की ओर से संचालित किया गया। उस समय यहां पूरा स्टाफ मौजूद था। लोगों को एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड, पैथोलॉजी, सर्जरी, हड्डी रोग, नाक कान गला रोग, स्त्री एवं प्रसूति रोग जैसे विभागों का लाभ स्थानीय लोगों को मिल रहा था। 2018 में शील नर्सिंग होम प्राइवेट लिमिटेड का करार खत्म होने के बाद सरकार ने अस्पताल को अपने हाथों में ले लिया। तब से अस्पताल में पांच डॉक्टर तैनात हैं। अस्पताल में एक्स रे और अल्ट्रासाउंड की व्यवस्था नहीं होने के कारण लोगों को 130 किमी दूर जिला अस्पताल जाना पड़ता है। लोगों ने शीघ्र अस्पताल की खामियों को दूर व्यवस्थाओं में सुधार की मांग की है।
सड़क हादसे में घायलों को किया हायर सेंटर रेफर
मुनस्यारी(पिथौरागढ़)। मुनस्यारी हेलीपैड के पास एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। जिसमें सामान्य रूप से घायल दो व्यक्तियों को सिर्फ- एक्स-रे के लिए पिथौरागढ़ हायर सेंटर रेफर कर दिया। अगर यहां पर एक्स-रे की सुविधा होती तो उन्हें 130 किमी दूर पिथौरागढ़ नहीं आना पड़ता।
अस्पताल की समस्याओं को लेकर उच्च अधिकारियों को बता दिया गया है। अस्पताल में मौजूद हर सुविधा का लाभ रोगियों को दिया जा रहा है। - डॉ. गौरव, प्रभारी चिकित्साधिकारी मुनस्यारी