पिथौरागढ़। विण विकासखंड के प्रधानों ने सोमवार को ब्लॉक कार्यालय में तालाबंदी कर दी। प्रधानों ने वित्त आयोग की राशि में की गई कटौती वापस लेने और प्रधानों का मानदेय कम से कम पांच हजार रुपये मासिक देने की मांग की है। प्रधानों की तालाबंदी ने ब्लॉक कार्यालय में कामकाज ठप हो गया। प्रधानों का कहना है कि सरकार उनको लगातार गुमराह कर झूठे आश्वासन दे रही है।
वित्त आयोग की राशि में की गई कटौती से गांवों में विकास कार्य प्रभावित हो गए हैं। पहले वित्त आयोग की पूरी राशि प्रधानों के खाते में आ जाती थी लेकिन प्रदेश सरकार ने इसमें कटौती शुरू कर दी है। प्रदेश में पंचायती राज एक्ट लागू करने में भी जानबूझकर देरी की जा रही है। इससे ग्राम प्रधान अधिकारविहीन होते जा रहे हैं। पंचायत राज एक्ट में कई विभागों का नियंत्रण प्रधानों के अधीन करने की सिफारिश की गई है।
प्रधान संगठन के अध्यक्ष राकेश कुमार ने कहा कि अब आंदोलन का बिगुल फूंक दिया गया है। इसे लगातार जारी रखा जाएगा। तालाबंदी के बाद प्रधानों ने ब्लॉक कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया। प्रधानों ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भी भेजा। प्रदर्शन में प्रधान विमला देवी, गीता देवी, भूपेश नगरकोटी, त्रिलोक सिंह, मीना देवी, हेमा देवी, जगदीश सिंह, मीना खत्री, भावना बिष्ट, तुलसी देवी, दिनेश बसेड़ा, रेनू देवी, रेखा भंडारी, मोहन राम, राजेंद्र प्रसाद आदि थे।