पिथौरागढ़ नगर में जीआईसी सड़क पर गड्ढे भरते लोनिवि कर्मी। संवाद
पिथौरागढ़। आखिरकार नगर की आंतरिक सड़कों के साथ ही चीन सीमा को जोड़ने वाले हाईवे पर गड्ढे भरने शुरू हुए हैं। अब इन सड़कों के गड्ढा मुक्त होने के साथ ही खतरों से मुक्ति मिलने की उम्मीद जगी है।
शासन ने 31 अक्तूबर तक जिले की प्रमुख सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के निर्देश जारी किए हैं। निर्देश मिलने के बाद बीते दिनों जिम्मेदार विभागों ने जिले में विभिन्न सड़कों को गड्ढा मुक्त करना शुरू किया। दावा किया गया कि नगर के साथ ही जिले की 90 फीसदी सड़कें गड्ढा मुक्त कर दी गईं हैं। अमर उजाला ने इन दावों की हकीकत की पड़ताल कर बीते 26 अक्तूबर को पहाड़ पर चढ़ते ही पीडब्ल्यूडी के ऊंचे दावों की निकल गई हवा शीर्षक से प्रमुखता से प्रकाशित किया था।
खबर प्रकाशित होते ही लोनिवि और बीआरओ को फिर से प्रमुख सड़कों पर गड्ढे नजर आए इन्हें भरना शुरू कर दिया है। लोनिवि ने सोमवार को बिण कैंड रोड और जीआईसी सड़क पर गड्ढे भरे। वहीं बीआरओ ने पिथौरागढ़-धारचूला हाईवे पर सतगढ़ के पास गड्ढे भरने का काम शुरू किया है। ऐसे में उम्मीद है कि जल्द ही प्रमुख सड़कें गड्ढा मुक्त होंगी और लोगों की आवाजाही सुगम होगी।
कोट
नगर की सड़कों में बने गड्ढों पर पैच वर्क किया गया। जहां भी गड्ढे होंगे इन्हें तय समय पर भर दिया जाएगा। - दिनेश जोशी, एई, लोनिवि, पिथौरागढ़