टनकपुर-तवाघाट एनएच में आदि कैलाश यात्रा मार्ग पर ग्वालगांव में बने गड्ढेस्रोत : संवाद
धारचूला (पिथौरागढ़)। आदि कैलाश यात्रा मार्ग पर चौड़ीकरण के चलते कई जगहों पर गड्ढे बन गए हैं जिससे दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। आदि कैलाश, पंचाचुली और नारायण आश्रम जाने वाले यात्रियों के साथ ही अन्य यात्रियों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने सड़क पर डामरीकरण के साथ चौड़ीकरण के लिए ली गई उनकी भूमि का मुआवजा जल्द देने की मांग की है।
टनकपुर-तवाघाट एनएच पर विन्यागांव से तवाघाट तक 35 किलोमीटर दायरे में चार वर्षों से बीआरओ की सड़क निर्माण कंपनी हिलवेज चौड़ीकरण का कार्य कर रही है। चौड़ीकरण कार्य के चलते सड़क पर जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं। ऐसे में आदि कैलाश, पंचाचूली और नारायण आश्रम जाने वाले यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण प्रशासन से कई बार डामरीकरण की मांग कर चुके हैं।
भवन स्वामी नवीन खर्कवाल और ओपी कापड़ी ने बताया कि चौड़ीकरण के लिए ली गई भूमि का संबंधित लोगों को अब तक न तो मुआवजा मिला है और न गड्ढे भरे जा रहे हैं। उन्होंने जल्द मुआवजा देने के साथ ही सड़क सुधारीकरण के कार्य में तेजी लाने की मांग की है। एडीएम योगेंद्र सिंह ने कहा कि 60 करोड़ रुपये की मुआवजा राशि काश्तकारों के बैंक खाते में ट्रांसफर हो चुकी है। शेष 30 करोड़ की मुआवजा राशि की मांग सड़क मंत्रालय से की गई है। जल्द ही सड़क पर गड्ढे भरे जाएंगे। संवाद