पिथौरागढ़। बारिश ने पिथौरागढ़ के साथ ही दिल्ली, देहरादून, अल्मोड़ा और हल्द्वानी के यात्रियों को राहत पहुंचाई है। बारिश के बाद धुंध छंटी तो हेलिकॉप्टर और विमानों ने फिर से उड़ान भरी है। दिल्ली से भी चार दिन बाद विमान नैनीसैनी पहुंचा। सभी सेवाओं में 130 से अधिक यात्रियों ने हवाई सफर किया और उन्हें टैक्सी, रोडवेज में धक्के नहीं खाने पड़े।
दरअसल वातावरण में धुंध छाने से सीमांत जिले से दिल्ली, देहरादून, अल्मोड़ा और हल्द्वानी रूट पर संचालित हेलिकॉप्टर और विमान सेवा चार दिन पूर्व ठप हो गई थी। हर रोज विमान और हेलिकॉप्टर में 100 से अधिक यात्री सफर करते हैं। सेवा बंद होने से यात्रियों को टैक्सी और रोडवेज में सफर करना पड़ रहा था।
जिले में बीते दो दिनों से हो रही बारिश के बाद धुंध छंटी तो विमान और हेलीकॉप्टर सेवा फिर से संचालित हुई। शनिवार को हल्द्वानी, अल्मोड़ा से हेलिकॉप्टर तो दिल्ली और देहरादून से विमान 70 यात्रियों को लेकर नैनीसैनी उतरे। यहां से करीब 60 यात्रियों को लेकर विमान और हेलिकॉप्टर वापस लौटे। हवाई सेवा संचालित होने से यात्रियों को खासी राहत मिली। संवाद