पिथौरागढ़। जिला पंचायत सदस्य जगत मर्तोलिया ने धारचूला विधानसभा से चुनाव लड़ेंगे। उनका कहना है कि जनता की मांग पर वे कठिन पारिवारिक परिस्थितियों के बाद भी जनता की सेवा और उत्तराखंड राज्य में विजन की राजनीति को आगे बढ़ाने के लिए मैदान में आ रहे हैं।
दो बार विधानसभा का चुनाव लड़ चुके मर्तोलिया ने कहा कि 21 साल का उत्तराखंड भटक गया है। इस राज्य की दिशा तय नहीं हुई है। समझ से परे है कि राज्य किस तरफ जा रहा है। राज्य बनते समय हिमाचल जैसा राज्य बनाने की बात की गई थी लेकिन 21 साल में हम हिमाचल बनने की तरफ एक कदम भी आगे नहीं बढ़ सके हैं।
मर्तोलिया ने कहा कि युवाओं और महिलाओं के गांव-गांव से फोन पर तथा सोशल साइट्स पर चुनाव लड़ने के लिए अनुरोध किया जा रहा है। जनता के इस अनुरोध को उन्होंने स्वीकार कर लिया है। मर्तोलिया ने कहा कि वे किस दल से या निर्दलीय प्रत्याशी के रुप में मैदान में आएंगे, इसके लिए नामांकन पत्र दाखिल करने की तिथि का इंतजार करना होगा। मर्तोलिया ने कहा कि हम धन लाभ के लिए राजनीति में नहीं आए हैं। राज्य में विजनरी राजनीति स्थापित करना उनका लक्ष्य है।