फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Corona In Uttarakhand: पिथौरागढ़ में जनवरी में हर शनिवार और रविवार को रहेगा लॉकडाउन

Sat, 02 Jan 2021 10:58 AM IST
हल्द्वानी ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पिथौरागढ़
विज्ञापन
उत्तराखंड में लॉकडाउन - फोटो : अमर उजाला फाइल फोटो
विज्ञापन

कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए पिथौरागढ़ नगर पालिका क्षेत्र में जनवरी में प्रत्येक शनिवार और रविवार को लॉकडाउन रहेगा। बाजार पूरी तरह बंद रहेगा, केवल आवश्यक सेवाओं वाली दुकानें सुबह 10 बजे तक खुलेंगी। हालांकि सरकारी कार्यालय और बैंक खुले रहेंगे। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीमें पालिका क्षेत्र में लोगों के सैंपल लेंगी।

विज्ञापन


शुक्रवार को लोनिवि विश्राम गृह में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और व्यापारियों की पुलिस-प्रशासन के साथ हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया। व्यापार मंडल अध्यक्ष शमशेर महर ने कहा कि सप्ताह में दो दिन लॉकडाउन लागू करने से कोरोना की चेन कुछ हद तक टूटेगी।

उन्होंने सर्दियों के मौसम में सख्ती बढ़ाने और बरात में शामिल होने वालों की संख्या कम करने की मांग की। सभी की सहमति से तय किया गया कि जनवरी में प्रत्येक शनिवार और रविवार को पिथौरागढ़ नगर क्षेत्र में पूरी तरह लॉकडाउन रहेगा। आवश्यक सेवाओं वाली दुकानें केवल सुबह 10 बजे तक खुलेंगी। सरकारी कार्यालय और बैंक खुले रहेंगे। 
विज्ञापन


सीएमओ डॉ. हरीश पंत ने कहा कि बंदी के दौरान नगरीय क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग की टीमें लोगों के सैंपल लेंगी। एसडीएम तुषार सैनी ने कहा कि नगर पालिका क्षेत्र में जनवरी के हर शनिवार और रविवार को लॉकडाउन रहेगा। सभी लोगों को इसका पालन करना जरूरी है। बैठक में विधायक चंद्रा पंत, सीओ आरएस रौतेला, अनिल माहरा, नवल रावल सहित कई जनप्रतिनिधि और व्यापारी मौजूद रहे। 
 

विज्ञापन

कुछ व्यापारियों ने सुबह खोली दुकानें, पुलिस ने बंद कराईं

कोरोना के लगातार बढ़ रहे मामलों को देखते हुए सिल्थाम, गांधीचौक, नया बाजार को माइक्रो कंटेनमेंट जोन बनाया गया है। शुक्रवार सुबह व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान खोले, लेकिन पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुकानें बंद करा दी। दोपहर बाद व्यापारियों और जिला प्रशासन के बीच हुई वार्ता के बाद व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान फिर खोले। 

शुक्रवार को नगर के तीनों माइक्रो कंटेनमेंट जोन में कुछ व्यापारियों में दुकानें खोलने को लेकर असमंजस बना रहा। सुबह कुछ दुकानें तो खुली रहीं लेकिन ज्यादातर दुकानें बंद रहीं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी दुकानें बंद करा दीं। दोपहर में व्यापारी नेताओं ने प्रशासन के साथ वार्ता की। इसके बाद दुकानें खोलने की अनुमति मिल गई। हालांकि नगर क्षेत्र में ग्राहकों के नहीं आने से व्यापारी दिन भर खाली बैठे रहे। व्यापारियों का कहना है कि साल के पहले ही दिन दुकानें बंद कराने का निर्णय गलत है। 

गंगोलीहाट में खुली रहीं दुकानें

गंगोलीहाट में एक सप्ताह तक बाजार बंद रखने के निर्णय से व्यापारी सहमत नजर नहीं आए। प्रशासन के निर्देश के बावजूद व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान खोल दिए। कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए तहसील प्रशासन ने बृहस्पतिवार को एक सप्ताह के लिए बाजार बंद रखने के निर्देश जारी किए थे, लेकिन व्यापार संघ इससे सहमत नजर नहीं आया।

व्यापारियों का कहना था कि साल के पहले दिन ही बाजार बंद रखना ठीक नहीं है। व्यापार मंडल अध्यक्ष हरीश धानिक ने कहा कि व्यापारियों को विश्वास में लिए बगैर आदेश जारी कर दिए थे। बाजार बंदी की सूचना भी नहीं दी गई, जिस कारण दुकानें खुली रखीं। उनका कहना है कि व्यापारियों को बाजार बंदी पर अंतिम निर्णय लेने के लिए तीन दिन का समय चाहिए। उन्होंने कहा कि चार जनवरी को इस पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। 

गणाईगंगोली में 48 घंटे के लिए बंद रहेगा बाजार
 

गणाईगंगोली में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए दो जनवरी से 48 घंटे तक बाजार बंद रहेगा। व्यापार संघ अध्यक्ष राजेंद्र उपाध्याय अन्य व्यापारियों और एसडीएम भगत सिंह फोनिया की सहमति से यह निर्णय लिया गया है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें