बहरीन में बॉक्सिंग रिंग में पिथौरागढ़ की मुक्केबाज खुशी चंद को विजेता घोषित करते रेफरी। स्रोत
पिथौरागढ़। मनामा (बहरीन) में आयोजित एशियाई युवा खेलों में पिथौरागढ़ जिले की मुक्केबाज खुशी चंद ने सीमांत जिले के साथ ही प्रदेश और देश का गौरव बढ़ाया है। वह एशियन चैंपियन बन गई हैं। उन्होंने चीन की मुक्केबाज को हराकर देश के लिए स्वर्ण पदक जीता है।
मनामा में 23 से 30 अक्तूबर तक एशियाई युवा खेलों का आयोजन हुआ। 23 सदस्यीय भारतीय दल के साथ पिथौरागढ़ जिले की मुक्केबाज खुशी चंद ने भी प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया। 44-46 किलो भार की अंडर-17 बालिका वर्ग में खुशी ने देश का प्रतिनिधित्व करते हुए मंगोलिया की मुक्केबाज अल्तानजुल को हराकर फाइनल में जगह बनाई। फाइनल में उनका मुकाबला चीन की मुक्केबाज लूओ जिन्शियु से हुआ।
खुशी के पंचों के आगे चीन की मुक्केबाज नहीं टिक सकीं और फाइनल जीतकर एशियन चैंपियन बन गईं। खुशी मूलरूप से बड़ालू निवासी हैं। उनकी बड़ी बहन निकिता चंद भी अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाज हैं। वर्तमान में खुशी द एशियन एकेडमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, पिथौरागढ़ की कक्षा 10 की छात्रा हैं।
जिला क्रीड़ा अधिकारी अनूप बिष्ट, जिला बॉक्सिंग संघ के अध्यक्ष कमल पुनेड़ा, सचिव अजय राठौर, कोषाध्यक्ष बहादुर सिंह बोहरा, देवी चंद, भारतीय महिला टीम के पूर्व प्रशिक्षक भाष्कर भट्ट, जर्नादन सिंह वल्दिया, प्रकाश जंग थापा, निखिल महर, सुनीता मेहता, विद्यालय के संस्थापक एवं चेयरमैन स्वामी डॉ. वीरेंद्रानंद और महामंडलेश्वर श्री पंचदश नाम जूनाअखाड़ा आदि ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी है। वर्तमान में वह विजेंद्र मल्ल से प्रशिक्षण ले रही हैं।