दून विमान सेवा की बुकिंग साइट 20 दिन बाद भी नहीं खुल सकी है। जब इस पर सवाल उठने शुरू हुए तो जनप्रतिनिधि विमान सेवा कंपनी की बुकिंग साइट हैक होने का हवाला देकर बचाव में उतरे हैं। खुद सरकार के दायित्वधारी ने कलक्ट्रेट पहुंचकर यह जानकारी दी। इसमें कितनी सच्चाई है इसकी जानकारी प्रशासनिक अधिकारियों को भी नहीं है और वे मामले में कुछ भी बोलने से बच रहे हैं। अधिकारी और जनप्रतिनिधि दोनों ही जल्द साइट खुलने का दावा कर फिर से तारीख दे रहे हैं और यात्री बुकिंग के लिए भटकने को मजबूर हैं।
दरअसल देहरादून और पिथौरागढ़ के बीच संचालित विमान सेवा फ्लाई बिग की बुकिंग साइट पिछले 20 दिनों से बंद है। साइट बंद होने से यात्री बुकिंग नहीं करा पा रहे और रोडवेज, टैक्सी में धक्के खाकर सफर करने के लिए मजबूर हैं। कंपनी की तरफ से ऑफलाइन बुकिंग की व्यवस्था की गई है लेकिन इसकी जानकारी हर किसी को नहीं है। इसके लिए भी धारचूला, बेड़ीनाग, गंगोलीहाट, मुनस्यारी, थल, डीडीहाट सहित अन्य हिस्सों से यात्रियों को 50 से 120 किमी का सफर तय कर पहले जिला मुख्यालय और यहां से तीन किमी दूर नैनीसैनी एयरपोर्ट पहुंचना पड़ रहा है। ऐसे में सीमांत के लोगों के लिए आसान सफर की उम्मीद में दून के लिए विमान का टिकट बुक करना किसी चुनौती से कम नहीं है। पिछले कई दिनों से कंपनी के अधिकारियों से वार्ता होने और जल्द बुकिंग साइट खोलने के दावे किए जा रहे हैं। बकायदा इसके लिए तारीख भी मिली। तय तिथि भी निकल गई लेकिन अब तक साइट नहीं खुल सकी है। विमान सेवा पर सवाल उठने शुरू हुए तो अब जिम्मेदार जनप्रतिनिधि बुकिंग साइट हैक होने का हवाला देकर कंपनी के साथ ही सिस्टम के बचाव में आए हैं और फिर से साइट खुलने के लिए तारीख मिली है। प्रशासनिक अधिकारी भी फिर से जल्द साइट खुलने के दावे कर औपचारिकता निभा रहे हैं।समय पर बुकिंग न होने से देना पड़ रहा है अधिक किराया
दून विमान सेवा की बुकिंग साइट हैक हुई है। यही कारण है कि ऑनलाइन बुकिंग नहीं हो रही। जल्द साइट खुलेगी और यात्रियों को राहत मिलेगी। -गणेश भंडारी, दर्जा राज्य मंत्री, पिथौरागढ़।
बुकिंग साइट में आ रही दिक्कत को दूर करने के लिए संबंधित कंपनी से वार्ता हुई है। फिर से मामले में वार्ता की जाएगी। उम्मीद है जल्द साइट खुलेगी। -योगेंद्र सिंह, एडीएम, पिथौरागढ़।