व्यास घाटी के ज्योलिंगकांग में पंजाब के जालंधर निवासी आदि कैलाश यात्री की मौत हो गई है। यात्री का शव शनिवार को धारचूला लाया जाएगा। यात्री की अचानक मौत का कारण हार्ट अटैक माना जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार पंजाब के जालंधर से 15 श्रद्धालुओं का दल आदि कैलाश के दर्शन के लिए आया था। दल के सदस्य मार्ग बंद होने से वाहन बदलकर बृहस्पतिवार काे गुंजी पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को जब वह आदि कैलाश और गौरी कुंड के दर्शन करने के बाद वापस लौट रहे थे तभी स्वदेश ननचहाल (44) पुत्र भारत भूषण निवासी जालंधर पंजाब की अचानक मौत हो गई। देर शाम को सेना की मदद से उसके साथी शव गुंजी लेकर आए। गुंजी थाना प्रभारी मनोज चौधरी ने बताया कि यात्री के शव को शनिवार को धारचूला लाया जाएगा।