बिजली संकट को लेकर प्रदर्शन करते गोल गांव के लोग
- फोटो : अमर उजाला
तीन दिन बाद भी बिजली बहाल न होने से गुस्साए गोलगांव के लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। साथ ही शुक्रवार तक बिजली बहाल न होने पर विभाग के खिलाफ आंदोलन छेड़ने की चेतावनी दी है।
क्षेत्र पंचायत सदस्य धाना देवी के नेतृत्व में गांव के लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। कहा कि 26 जून की रात ट्रांसफार्मर फुंकने से गोलगांव के राजकीय इंटर कॉलेज थल से लगे हिस्से में बिजली नहीं है। नतीजतन करीब 60 परिवार भारी दिक्कतों में हैं। रामगंगा घाटी के इस क्षेत्र में जबर्दस्त गर्मी पड़ रही है। इस कारण लोगों की परेशानी अधिक बढ़ गई है। उन्हें रात अंधेरे में काटनी पड़ रही हैं। मोबाइल फोन चार्ज करने के लिए अन्यत्र दौड़ लगानी पड़ रही है।
क्षेत्र पंचायत सदस्य का कहना था कि विभाग तीन दिन बाद भी थल बाजार से लगे इलाके की बिजली बहाल नहीं कर पाया है। उन्होंने कहा शुक्रवार तक बिजली बहाल नहीं हुई तो विभाग के खिलाफ आंदोलन छेड़ दिया जाएगा। प्रदर्शन में नेत्र सिंह पांगती, मालती देवी, गंगा सिंह, मोहन सिंह, कृष्ण सिंह, सुरेश धर्मशक्तू आदि शामिल थे।