अस्कोट(पिथौरागढ़)। क्षेत्र के लोगों ने सड़क और पानी की मांग पर देहरादून पहुंचकर सीएम पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की। कहा सड़क न होने से क्षेत्र के दूरस्थ गांवों के ग्रामीणों को आवाजाही के लिए खच्चरों का सहारा लेना पड़ रहा है। वहीं क्षेत्र की छह हजार से अधिक की आबादी पानी के लिए तरस रही है।
अस्कोट क्षेत्र के लोग ग्रामीण एकता मंच के संयोजक तरुण कुमार पाल के नेतृत्व में देहरादून पहुंचे और सीएम से मिले। उन्होंने ज्ञापन देते हुए कहा कि क्षेत्र के दयाकोट, कन्तोली राजी जनजाति बस्ती अब भी सड़क के लिए तरस रही है। कारगिल शहीद जमन सिंह धामी के गांव को जोड़ने वाली सड़क अब तक नहीं बन सकी है। एक किमी सड़क काटी गई है और शेष चार किमी के लिए बजट स्वीकृत नहीं हुआ है। क्षेत्र के गांवों में जलापूर्ति करने वाले जल स्रोत सूखने से पेयजल योजनाएं जवाब देने लगीं हैं। ऐसे में गोरी नदी से लिफ्ट पेयजल योजना का निर्माण बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए इनके समाधान के प्रयास होने चाहिए। संवाद