नाचनी (पिथौरागढ़)। थाना दिवस पर एसपी रेखा यादव की अध्यक्षता में नाचनी थाने में गोष्ठी आयोजित की गई। इस दौरान तल्ला जोहार क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों और महिलाओं ने कई मुद्दे उठाए और सुझाव दिए।
फल्याटी निवासी से.नि. प्रधानाचार्य गोपाल राम ने 70 दिन बीतने के बाद भी कापा गांव की बसंती देवी के हत्यारे नहीं पकड़े जाने का मुद्दा उठाया। एसपी ने बताया कि बसंती देवी मामले की जांच एसआईटी कर रही है। फोरेंसिक और अन्य रिपोर्ट मिलते ही होते ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। व्यापार संघ के अध्यक्ष लाल सिंह कोश्यारी ने बाजार में यातायात व्यवस्थित करने और पार्किंग स्थल चयनित किए जाने का मांग उठाई।
एसपी ने सड़क सुरक्षा, साइबर क्राइम, नशा और महिला सुरक्षा संबंधी कानूनों के प्रति जागरूक किया। गोष्ठी में स्वयं सहायता समूह की कोषाध्यक्ष रेशमा कलोनी, जिपं सदस्य दीपू चुफाल, सुरेश चंद्र पाठक, ललित बथियाल, बहादुर राम, सुंदर बथियाल, थानाध्यक्ष मंगल सिंह, महेंद्र यादव, खीम सिंह बिष्ट आदि थे। संवाद