मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। मुनस्यारी तहसील के 25 गांवों में पेयजल व्यवस्था चरमराई हुई है। ग्रामीणों ने पेयजल आपूर्ति सुचारु करने की मांग को लेकर खाली बर्तनों के साथ जल संस्थान के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने कार्यालय में तालाबंदी करने की कोशिश की, पर पुलिस ने उन्हें रोक दिया।
मुनस्यारी के बुंगा, मल्ला घोरपट्टा, चेटी चिमला, तल्ला घोरपट्टा, पापड़ी, पैंकुती, सेविला, चौना, मटेना, मालूपाती सहित 25 गांवों में पेयजल संकट बना हुआ है। जलसंकट से जूझ रहे ग्रामीण शुक्रवार को जिपं सदस्य जगत मर्तोलिया के नेतृत्व में खाली बर्तनों के साथ जल संस्थान कार्यालय पहुंच गए। यहां उन्होंने सरकार के खिलाफ नारे लगाकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने कहा कि मुनस्यारी तहसील के 25 गांवों में चार माह से पेयजल आपूर्ति ठप है, लेकिन व्यवस्थाओं में सुधार नहीं किया जा रहा है। ग्रामीण किसी तरह गाड़-गधेरों से पेयजल की आपूर्ति कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कई बार जल संस्थान के अधिकारियों को समस्या बताई गई लेकिर समस्या हल नहीं हुई। जल संस्थान की ओर से हर माह 500 रुपये का बिल भेजा जा रहा है। उधर, उपजिलाधिकारी के निर्देश पर प्रभारी थानाध्यक्ष अरुण सिंह राणा की अगुवाई में पुलिस मौके पर पहुंची। जल संस्थान कार्यालय में तालाबंदी करने की कोशिश कर रहे ग्रामीणों को पुलिस ने रोका। इस मौके पर शांति दास्पा, तारा आर्या, शांति पंचपाल, बिमला, कमला, निर्मला मौजूद रहीं।
जल संस्थान ने जारी किया नंबर
मुनस्यारी। जिला पंचायत सदस्य जगत मर्तोलिया ने मौके से ही जल संस्थान के ईई से बात की। उन्होंने क्षेत्र में कार्यरत एई और जेई को हटाने की मांग की। इसके बाद लोगों की शिकायत के समाधान के लिए जल संस्थान ने 9411588406 जारी किया। ईई अवधेश कुमार सिंह ने कहा कि इस नंबर में संपर्क कर लोग पेयजल दिक्कत संबंधी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। ईई ने कहा कि जिन गांवों में आपूर्ति बाधित है, वहां शीघ्र पेयजल आपूर्ति सुचारु कर दी जाएगी।