पिथौरागढ़। टनकपुर-पिथौरागढ़ ऑलवेदर सड़क पर भारी वाहनों का संचालन शुरू होने से परिवहन निगम के साथ सीमांत के यात्रियों को राहत मिलेगी। टनकपुर रूट पर फिर से रोडवेज बसों के पहिए घूमेंगे। 22 दिन बाद बुधवार यानि आज इस रूट पर जिले से चार बसों का संचालन होगा और यात्री फिर से टैक्सी छोड़ इनमें सफर कर सकेंगे। पिथौरागढ़ डिपो के मुताबिक पहले दिन टनकपुर तक बसों का संचालन होगा।
बीते 10 सितंबर से टनकपुर-पिथौरागढ़ ऑलवेदर सड़क बंद होने से टनकपुर रूट पर बसों का संचालन पूरी तरह ठप रहा। डिपो को 25 बसों का संचालन रोकना पड़ा। बस वर्कशॉप और रोडवेज स्टेशन में खड़ीं रहीं और यात्री टैक्सी के सहारे सफर करने के लिए मजबूर हुए। ऑलवेदर सड़क पर किसी तरह भारी वाहनों की आवाजाही शुरू हुई है। ऐसे में 22 दिन बाद इस रूट पर फिर से बसें दौड़ेंगी। डिपो के मुताबिक बुधवार यानि आज से इस रूट पर बसों का संचालन होगा। पहले दिन चार बसें टनकपुर भेजी जाएंगी। सुबह 7:30 से 10:30 बजे तक हर घंटे में एक बस संचालित होगी। सबकुछ ठीक रहा तो अन्य बसों को देहरादून, दिल्ली, बरेली सहित अन्य रूटों पर संचालित किया जाएगा। संवाद
अल्मोड़ा रूट पर पूर्व की तरह संचालित होंगी बस
पिथौरागढ़। डिपो के मुताबिक ऑलवेदर सड़क बंद होने से पिथौरागढ़ से दिल्ली, देहरादून सहित अन्य रूटों पर छह बसों का संचालन किया गया था। डिपो के मुताबिक फिलहाल इस रूट पर पूर्व की तरह बसों का संचालन होगा। ऑलवेदर सड़क के हाल ठीक रहे तो टनकपुर रूट पर बसों का संचालन बढ़ाया जाएगा।
- ऑलवेदर सड़क पर भारी वाहनों का संचालन शुरू होने से इस रूट पर बसों के संचालन का निर्णय लिया गया है। पहले दिन चार बस टनकपुर तक संचालित होंगी। सबकुछ ठीक रहा तो अन्य रूटों पर बसें भेजी जाएंगी।
रवि शेखर कापड़ी, एआरएम, पिथौरागढ़।