पिथौरागढ़। यूकेडी के शीर्ष नेता काशी सिंह ऐरी और कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष मथुरा दत्त जोशी ने विमान सेवा की अनियमितता को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले को वह बुधवार को प्रदेश के उड्डयन सचिव और मुख्य सचिव के समक्ष रखेंगे। यूकेडी नेता काशी सिंह ऐरी और कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष मथुरा दत्त जोशी ने बताया कि पिथौरागढ़ से देहरादून जाने के लिए वह मंगलवार दिन में लगभग डेढ़ बजे नैनीसैनी एयरपोर्ट पहुंच गए थे। पिथौरागढ़ से देहरादून के लिए 2:15 बजे फ्लाइट थी लेकिन उन्हें शाम पांच बजे तक एयरपोर्ट पर इंतजार करना पड़ा। उन्होंने कहा कि सीमांत से दिल्ली, देहरादून की दूरी 500 किलोमीटर से अधिक है। एयरपोर्ट बनने के तीन दशक होने के बाद भी हवाई सेवा का नियमित संचालन शुरू नहीं हो पाया है। यात्रियों को आए दिन एयरपोर्ट से लौटकर सड़क मार्ग से धक्के खाते हुए आवागमन करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि इस मामले को वह उड्डयन सचिव और मुख्य सचिव के समक्ष रखकर नियमित हवाई सेवा के लिए व्यवस्थाओं में सुधार की मांग करेंगे। संवाद