गंगोलीहाट (पिथौरागढ़)। बेलपट्टी के 15 से अधिक गांवों को जोड़ने वाली नैनी-पव्वाधार सड़क की बदहाली से आक्रोशित क्षेत्र के लोगों ने सोमवार को प्रदर्शन किया। उन्होंने जल्द डामरीकरण न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। कहा 10 किमी सड़क पर सैकड़ों गड्ढे हैं जिनसे दुर्घटना का खतरा बना है।
सुबह लाली, गेरुआ, भाटगांव धारापानी, पवाधार, कुनारू, सुगड़ी चौरपाल, पाली पलियाल, ननोली कैणा, धराडी, शिवना, नागधुना, अनरगांव, रैंगल, मटेला आदि गांवों के ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर शासन-प्रशासन का पुतला जलाया।
उन्होंने कहा कि नैनी-पव्वाधार सड़क पर आठ साल पहले डामर हुआ था। गुणवत्ता सही न होने पर डामर उखड़ गया है और पूरी सड़क गड्ढों में तब्दील हो गई है। विभाग ने सड़क को गड्ढा मुक्त करने के लिए इनमें मिट्टी भर दी। मिट्टी उखड़ी तो फिर से सड़क पर गड्ढे ही गड्ढे नजर आ रहे हैं।
ऐसे में क्षेत्र की 20,000 की आबादी जान जोखिम में डालकर सफर करने के लिए मजबूर हैं। प्रदर्शनकारियों में गौरव पंत, अमित वर्मा, गौरव बोरा, सोनू वर्मा, युवराज खाती, मनीष बिष्ट, किशन भाटिया, महेश भाटिया, रमेश पंत आदि शामिल रहे।
-
कोट -
सड़क के रखरखाव का समय पिछले साल मई में समाप्त हो गया था। सड़क लोनिवि को हस्तांतरित करने की प्रक्रिया चल रही है। - विवेक प्रताप सिंह, ईई, पीएमजीएसवाई, गंगोलीहाट।