डीडीहाट अस्पताल में अल्ट्रासाउंड करते चिकित्सक। संवाद
डीडीहाट (पिथौरागढ़) । सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डीडीहाट में मंगलवार को 31 गर्भवतियों और 10 पेट दर्द से पीड़ित महिलाओं का अल्ट्रासाउंड किया गया। अस्पताल में हो रहे अल्ट्रासाउंड का लाभ लेने के लिए अब 80 से 100 किमी दूर से गर्भवती और पेट दर्द के मरीज डीडीहाट पहुंचे।
डीडीहाट में अल्ट्रासाउंड मशीन है लेकिन रेडियोलॉजिस्ट नहीं होने से अल्ट्रासाउंड नहीं हो पा रहे थे। इससे गर्भवती सहित अन्य लोगों को जांच के लिए पिथौरागढ़ जाना पड़ रहा था। लोगों की मांग पर स्वास्थ्य विभाग ने माह में एक दिन अल्ट्रासाउंड के लिए रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती की है। जिला अस्पताल पिथौरागढ़ से सीएचसी में अल्ट्रासाउंड करने आ रहे डॉ. रामबाबू ने बताया कि मंगलवार को 80 से 100 किमी दूर से महिलाएं अल्ट्रासाउंड करने के लिए सीएचसी पहुंची। सर्वदलीय समिति के संयोजक राजेंद्र बोरा और हिमांशु चुफाल ने अस्पताल में पहुंचकर डाॅक्टर से मुलाकात कर माह में चार दिन अल्ट्रासाउंड कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि एक माह तक अल्ट्रासाउंड नहीं हाेने से कई बार गर्भवती या अन्य लोगों को पिथौरागढ़ जाना पड़ रहा है। अल्ट्रासाउंड कराने में सतेंद्र कुमार सहित एएनएम और आशा कार्यकर्ताओं का सहयोग लिया जा रहा है।