पिथौरागढ़। जल्द ही दिल्ली रूट पर विमान सप्ताह में पांच दिन उड़ान भरेगा। यात्रियों की संख्या को देखते हुए कंपनी ने यह फैसला लिया है। हालांकि यह सेवा उड़ान योजना में शामिल नहीं होगी जिस कारण यात्रियों को सप्ताह में दो दिन विमान में सफर करने के लिए पांच हजार रुपये अधिक किराया चुकाना होगा।
नैनीसैनी-दिल्ली रूट पर सप्ताह में तीन दिन मंगलवार, बृहस्पतिवार और शनिवार 42 सीटर विमान सेवा संचालित है। शुरुआत से ही इस सेवा के लिए यात्रियों में खासा उत्साह देखा गया। हालात यह हैं कि यात्रियों की संख्या को देखते हुए बुकिंग मुश्किल हो रही है। ऐसे में लंबे समय से यात्री इस रूट पर विमान सेवा के संचालन के लिए दिन बढ़ाने की मांग कर रहे थे।
कंपनी ने यात्रियों की संख्या और उत्साह को देखते हुए सप्ताह में पांच दिन विमान सेवा संचालित करने का फैसला लिया है। कंपनी के मुताबिक एक जून से दिल्ली रूट पर विमान मंगलवार, बृहस्पतिवार, शनिवार के साथ ही सोमवार और शुक्रवार को भी उड़ान भरेगा। कंपनी ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर इसका शेड्यूल भी जारी किया है। एक जून से यात्रियों को इस योजना का लाभ मिलेगा।
किराया होगा महंगा
दिल्ली रूट पर उड़ान योजना के तहत सप्ताह में तीन दिन विमान सेवा संचालित है। इसके चलते यात्रियों को सस्ती विमान सेवा का लाभ देते हुए इन तिथियों को सात हजार रुपये किराया लिया जा रहा है। सप्ताह में अन्य दो दिन संचालित होने वाली विमान सेवा उड़ान योजना के दायरे से बाहर होगी। ऐसे में यात्रियों को सोमवार और शुक्रवार को दिल्ली रूट पर सफर करने के लिए 12 हजार रुपये किराया चुकाना होगा।
कोट
दिल्ली रूट पर सप्ताह में दो अतिरिक्त दिन विमान सेवा संचालित होगी। उड़ान योजना के दायरे से यह सेवा बाहर होगी। यात्रियों की संख्या और मांग को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। - संदीप यादव, एयरपोर्ट डायरेक्टर, नैनीसैनी