धारचूला के बजानी में अनशन स्थल पर प्रदर्शन करते अभिभावक
- फोटो : अमर उजाला
जर्जर हाल हुए बजानी के प्राथमिक और हाईस्कूल भवनों का सुधार नहीं होने से नाराज अभिभावकों ने स्कूल परिसर में अनशन शुरू कर दिया है। पहले दिन पंकज बोरा, कृष्ण सिंह, सतीश चंद्र, प्रकाश जोशी, दीपा बोरा, मोहन सिंह अनशन पर बैठे। सभी अभिभावकों ने बुधवार से अपने बच्चों को विद्यालय नहीं भेजने का निर्णय लिया है।
इस दौरान हुई सभा में अभिभावक संघ के सदस्य कृष्ण सिंह कुंवर ने कहा कि शिक्षा विभाग जर्जर हाल भवनों का सुधार न कर बच्चों के साथ खिलवाड़ कर रहा है। जब तक भवनों का निर्माण कार्य शुरू नहीं होता है, आंदोलन जारी रहेगा। अनशनकारियों के समर्थन में उमेद सिंह, तरुण सिंह, पंकज भट्ट, योगेश सिंह, टिकेंद्र सिंह, जानकी देवी, सरोजनी देवी, गोमती देवी, प्रेम सिंह, पार्वती देवी, धर्म सिंह बोरा, शंकर सिंह ने धरना दिया।
इधर, खंड विकास अधिकारी मानस मित्तल ने कहा कि 2010 में दोनों विद्यालय के लिए बीएडीपी योजना से आठ लाख और नौ लाख रुपये स्वीकृत हुए थे। प्रधान ने धनराशि को कम बताते हुए भवन निर्माण का कार्य नहीं किया। खंड विकास अधिकारी ने कहा कि उच्चाधिकारियों को धन की कमी की जानकारी दे दी है।