पिथौरागढ़। बीडी पांडे जिला अस्पताल में ओपीडी मरीजों को आयुष्मान कार्ड का लाभ नहीं मिलेगा। पीएमएस डॉ. जेएस नबियाल ने आयुष्मान कार्ड से निशुल्क ओपीडी मरीजों को चिकित्सकीय सुविधा नहीं देने के आदेश 22 नवंबर को जारी कर दिए हैं। केवल भर्ती मरीजों को ही कार्ड का लाभ मिलेगा।
जिला अस्पताल में 23 नवंबर बृहस्पतिवार से भारत आयुष्मान कार्ड योजना का लाभ सिर्फ भर्ती मरीजों को दिया जाएगा। ओपीडी में आने वाले मरीजों को जरूरी जांच, अल्ट्रासाउंड समेत अन्य के लिए राशि खर्च करनी पड़ेगी। वर्तमान तक अस्पताल में भर्ती मरीजों के साथ ही रोज उपचार के लिए आने वाले मरीजों को आयुष्मान कार्ड के तहत निशुल्क लाभ मिलता था। अब सिर्फ भर्ती मरीजों को आयुष्मान कार्ड का लाभ मिलेगा। हालांकि ओपीडी मरीज ब्लड संबंधी जांच निशुल्क करा सकते हैं। पीएमएस डॉ. जेएस नबियाल ने बताया कि 17 नवंबर को महानिदेशालय में हुई बैठक में चिकित्सालय में केवल भर्ती मरीजों को ही आयुष्मान कार्ड से निशुल्क उपचार देने के लिए निर्देशित किया गया है। इसके अलावा आयुष्मान कार्ड हेल्प डेस्क पर भी इसकी जानकारी चस्पा कर दी गई है।