डीडीहाट में सरकार के खिलाफ नारे लगाते आंदोलनकारी। संवाद
पिथौरागढ़। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डीडीहाट को उच्चीकृत कर उप जिला अस्पताल बनाया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग की ओर से इसका प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेज दिया गया है। यदि शासन से इसकी स्वीकृति मिलती है तो क्षेत्र की आबादी को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी।
सीएमओ डॉ. एचएस ह्यांकी ने बताया कि डीडीहाट के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को उच्चीकृत कर उप जिला चिकित्सालय बनाने का प्रस्ताव अगस्त में महानिदेशालय को भेजा गया है। स्वीकृति का इंतजार है। यदि इस सीएचसी को उच्चीकृत कर उप जिला अस्पताल बनाया जाता है तो चिकित्सालय में विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती होगी और क्षेत्रवासियों को इलाज की बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। इधर विधायक बिशन सिंह चुफाल का कहना है कि बहुत जल्दी सीएचसी को उप जिला अस्पताल में अपग्रेड करने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से वार्ता की जाएगी।
इनसेट
लिपिकीय त्रुटि के कारण पत्र में हो गया था पीएचसी
डीडीहाट (पिथौरागढ़)। पिथौरागढ़ के सीएमओ डॉ. एचएस ह्यांकी ने कहा है कि डीडीहाट का अस्पताल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ही है। उसे पीएचसी नहीं बनाया गया है। सीएमओ ने बताया कि विभागीय कार्यालय से 14 अगस्त को एक पत्र अपर निदेशक स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय देहरादून को भेजा गया था जिसमें डीडीहाट सीएचसी को लिपिकीय त्रुटि के कारण पीएचसी लिखा गया है। इस त्रुटि को तत्काल सुधार दिया गया था। यही त्रुटिवाला पत्र अल्ट्रासाउंड के संबंध में आंदोलनकारियों और जनप्रतिनिधियों को भी प्रेषित हो गया था जिसका उन्हें खेद है। संवाद
आज आंदोलन को हो जाएंगे सौ दिन
डीडीहाट (पिथौरागढ़)। सीएचसी में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन को 23 नवंबर को सौ दिन पूरे हो जाएंगे। बुधवार को आंदोलनकारियों ने चिल्ड्रन पार्क में सर्वदलीय संघर्ष समिति के राजेंद्र बोरा के नेतृत्व में धरना दिया। आंदोलनकारी बलवंत कठायत और जीवन सिंह देऊपा ने कहा कि आंदोलन को सौ दिन पूरे होना सरकार की बदहाल स्वास्थ्य की नाकामी को साबित करता है। धरने पर रवि बोरा, गोप्स खड़ायत, दीवान सिंह, पूरन सिंह, विक्रम सिंह, माही बोरा, दीवान, मनोज चुफाल आदि बैठे। संवाद