डैम से पानी छोड़ने के बाद भी काली के जल स्तर में नहीं हुई बढ़ोत्तरी।
- फोटो : PITHORAGARH
धारचूला (पिथौरागढ़)। धौलीगंगा जल विद्युत परियोजना के छिरकिला डैम की सफाई के लिए छोड़े गए पानी से काली नदी के जल स्तर में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है। इस समय धौली नदी में 17 क्यूसेक पानी बह रहा है।
एनएचपीसी शीतकाल में हर तीसरे माह और बरसात में हर माह डैम की सफाई करती है। धौलीगंगा पावर स्टेशन प्रशासन सूत्रों के अनुसार छिरकिला डैम की मरम्मत के साथ ही सिल्ट और मलबे की सफाई के लिए सात फरवरी की रात आठ बजे से डैम के दो गेटों से पानी छोड़ा जा रहा है। एक माह तक डैम की सफाई का काम जारी रहेगा। एनएचपीसी प्रबंधन के अनुसार धौली नदी में अभी 17 क्यूसेक पानी बह रहा है। धौलीगंगा तवाघाट के संगम पर काली नदी में मिल जाती है। प्रबंधन के अनुुसार डैम के गेट से पानी छोड़ने पर नदी के जल स्तर में कोई बढ़ोतरी नहीं होती है। इसलिए किसी को भी चिंता करने की जरूरत नहीं है। प्रबंधन के अनुसार एहतियातन जिला और तहसील कार्यालय को डैम से पानी छोड़ने की सूचना पहले ही दे दी गई है।