बेड़ीनाग के बोराआगर गांव की महिलाएं प्रदर्शन करते हुए।
- फोटो : PITHORAGARH
बेड़ीनाग (पिथौरागढ़)। विकासखंड बेड़ीनाग के बोराआगर गांव की महिलाओं ने पानी और शिक्षक की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। उन्होंने शीघ्र मांग पूरी न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
महिलाओं ने कहा कि बोराआगर गांव में पानी की भारी किल्लत है। जल निगम बेड़ीनाग ने प्रधानमंत्री जल जीवन मिशन के तहत गांव में लाइन तो बिछा दी पर पानी नहीं आ रहा है। महिलाओं का कहना है कि बोराआगर प्राथमिक विद्यालय में 27 बच्चों पर एक शिक्षक है। इससे ग्रामीण नाराज हैं।
स्थानीय निवासी शिव राम कई बार बीईओ से मांग कर चुके हैं। फिर भी शिक्षक की व्यवस्था नहीं की जा रही है। पूर्व जिला पंचायत सदस्य जगदीश कुमार ने कहा कि जिन स्कूलों में बच्चे हैं, वहां शिक्षक नहीं हैं और जहां बच्चे नहीं हैं, वहां दो-दो शिक्षक तैनात हैं।
बोराआगर का आंगनबाड़ी केंद्र भी लंबे समय से बंद है। शिक्षक और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की नियुक्ति के लिए जल्द ही डीएम से मुलाकात की जाएगा। जल निगम के ईई अनूप पांडेय का कहना है कि पेयजल योजना बनाने के लिए टेंडर हो चुके हैं।
जल्दी काम शुरू कर दिया जाएगा। इस मौके पर ग्राम प्रधान दीपा देवी, तुलसी देवी, गोविंदी देवी, गंगा देवी, बचुली देवी, तारा देवी, गोपुली देवी, मंजू देवी मौजूद रहे।